Type Here to Get Search Results !

अमृत महोत्सव से देश की युवा पीढ़ी जानेगी कि हमें कैसे मिली आजादी-दिनेश राय

अमृत महोत्सव से देश की युवा पीढ़ी जानेगी कि हमें कैसे मिली आजादी-दिनेश राय

भाजपा ने मनाया आजादी का अमृत महोत्सव


सिवनी। गोंडवाना समय।

हम आजादी के 75 वर्ष में जब प्रवेश करने जा रहे हैं तो अमृत महोत्सव जैसे राष्ट्रीय महापर्व एक ऐसा पुण्य अवसर है जब हम आजादी की लड़ाई में बलिदान देने वाले महापुरुषों को अपनी श्रद्धांजलि तो दे ही सकें बल्कि राष्ट्र के लिए अपना जीवन निछावर करने के लिए उनके प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त कर सकें। यह महापर्व पूरे वर्ष तक चलेगा और हमें अनेक-अनेक बलिदानीयों की संघर्ष गाथाओं से प्रेरणा लेने का अवसर भी देगा। इस आशय की बात सांसद डॉक्टर ढाल सिंह बिसेन द्वारा 12 मार्च 2021 दिन शुक्रवार को सिवनी जिला मुख्यालय में अमृत महोत्सव के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर जिला भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कही गई।

हमारा प्रदेश अनेक बलिदानियों की जन्मभूमि है

सांसद डॉक्टर ढाल सिंह बिसेन ने शहीदों और क्रांतिकारियों को याद करते हुए कहा कि स्वाधीनता के 75 वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव की शुरूआत 1857 के शहीदों से लेकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के पुण्य स्मरण और युवा पीढी में देशभक्ति के भाव को जागृत करने का अभियान है। हमें इस बात का गौरव है कि हमारा प्रदेश अनेक बलिदानियों की जन्मभूमि है जिन्होंने आजादी की लड़ाई में संघर्ष किया और अपना बलिदान दिया है। सिवनी जिले की माटी भी आजादी के इस संघर्ष से अछूती नहीं रही है और जिले की इस भूमि ने भी ऐसे वीर योद्धाओं को जन्म दिया है। साथ ही उन्होंने आजादी की लड़ाई के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया है।

महान क्रांतिकारियों ने अपने जीवन का बलिदान दिया

अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि 12 मार्च की तारीख को महात्मा गांधी ने साबरमती आश्रम से दांडी यात्रा प्रारंभ की थी। आज ही के दिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर पूरे देश में मनाए जाने वाले अमृत महोत्सव की शुरूआत की है। इस अमृत महोत्सव से देश की युवा पीढ़ी जानेगी कि हमें जो आजादी मिली है उसके पीछे कितने ही महान क्रांतिकारियों ने अपने जीवन का बलिदान दिया है।

दांडी यात्रा आजादी की अमृत यात्रा का प्रतीक थी

श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि आजादी के 75 वें साल में पूरा देश गर्व का अनुभव कर रहा है। आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया में अहम स्थान बनाया है। आज हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इतना मजबूत हो चुका है कि भारत की ओर कोई आंख नहीं उठा सकता है। भारत का इतिहास सदियों पुराना है। अंग्रेजों से लड़ते हुए चन्द्रशेखर आजाद शहीद हुए। भगत सिंह ने अंग्रेजों पर बम फेंका। शहीद भगत सिंह कभी मौत से डरे नहीं। इनके अलावा हजारों क्रांतिकारियों ने आजादी के लिए जान दी है। श्री दिनेश राय मुनमुन ने महात्मा गांधी को सत्य अहिंसा के बल पर स्वतंत्रता आंदोलन को प्रेरणा देने वाला बताया। उनकी दांडी यात्रा आजादी की अमृत यात्रा का प्रतीक थी।

बलिदानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेने का दिलाया संकल्प

अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे द्वारा आजादी की लडाई में अनेक बलिदानियों का स्मरण करते हुए कहा गया कि अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद ने 15 साल की उम्र में भारत माता की जय के नारे लगाए थे। तब उन्हें 15 वर्ष की सजा सुनाई गयी थी। उस समय चन्द्रशेखर आजाद ने कहा था कि आज तो हथकड़ी लगा लो, आज के बाद जीते जी आजाद को हथकड़ी नहीं लगा पाओगे। श्री आलोक दुबे ने कहा कि अमृत महोत्सव के रूप में पूरे वर्ष चलने वाले इस महापर्व के दौरान पूरे जिले में भाजपा द्वारा अनेकों कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनके माध्यम से छात्र-छात्राओं के साथ ही युवा पीढ़ी को आजादी की लड़ाई के इतिहास का पुण्य स्मरण करने के साथ ही बलिदानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेने का संकल्प दिलाया जाएगा।भाजपा मीडिया प्रभारी श्री श्रीकांत अग्रवाल ने बताया कि अमृत महोत्सव के तहत सर्वप्रथम पुरानी जेल (गर्ल्स कॉलेज) में महात्मा गांधी जी एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस कार्यक्रम के बाद नेताजी सुभाष चंद्र स्कूल में आजादी अमृत महोत्सव का कार्यक्रम संपन्न हुआ जहां बच्चों की मांग पर विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन द्वारा फर्नीचर उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.