Type Here to Get Search Results !

सिवनी में लगभग 63.20 प्रतिशत और नगर परिषद बरघाट में 82.19 प्रतिशत हुआ शाम 5 बजे तक मतदान

सिवनी में लगभग 63.20 प्रतिशत और नगर परिषद बरघाट में 82.19 प्रतिशत हुआ शाम 5 बजे तक मतदान

व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुआ सिवनी एवं बरघाट नगरीय क्षेत्र के मतदान



सिवनी। गोंडवाना समय।
नगरीय निकाय निर्वाचन- 2022 अंतर्गत प्रथम चरण में  6 जुलाई 2022 दिन बुधवार को नगर पालिका परिषद सिवनी एवं नगर परिषद बरघाट के वार्डों के लिए मतदान सम्पन्न हुआ। पार्षद पर के लिए सिवनी एवं बरघाट निकाय में आयोजित हुए मतदान के प्रति दोनों ही निकायों में प्रात: काल से ही मतदाताओं में अपूर्व उत्साह दिखाई दिया।

पुरूष, महिला, युवा मतदाता सहित बुजुर्ग मतदाताओं ने अपने-अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्र पहुंचकर मतदान किया। दोनों ही निकाय के सभी मतदान केन्द्रों में दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई थी जिसके माध्यम से दिव्यांग-बुजुर्ग मतदाताओं ने सुगमता से अपने मताधिकार का उपयोग किया।

कलेक्टर डॉ फटिंग ने सपत्नी संग किया मतदान



कलेक्टर डॉ फटिंग ने सपत्नी बैनगंगा आॅफिसर क्लब स्थित मतदान केंद्र में पहुँचकर मतदान किया। उन्होंने नगरवासियों से अनिर्वाय रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।

मतदान केन्द्रों की सेक्टर अधिकारी सहित पुलिस अधिकारियों ने की सतत मॉनिटरिंग



जिले में स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने को लेकर नगर पालिका सिवनी एवं नगर परिषद बरघाट के मतदान केन्द्रवार सेक्टर अधिकारी के साथ अन्य अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान रखते हुए सभी मतदान केन्द्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

सिवनी के 24 वार्डों में स्थापित 118 और नगर परिषद बरघाट 15 वार्डों के 16 मतदान केन्द्रों में संपन्न हुआ मतदान



नगर पालिका परिषद सिवनी के 24 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों के मतदान के लिए के लिए स्थापित 118 मतदान केन्द्रों में प्रात: 09 बजे की स्थिति में 8.87 %, 11.00 बजे की स्थिति में 25.40 %, दोपहर 01 बजे की स्थिति में 40.45 %, दोपहर 3 बजे की स्थिति में 53.08 % तथा शाम 5.00 बजे की स्थिति में 63.20 % मतदान हुआ था। जिसमें 43482 पुरूष मतदाताओं में से 28600 (65.77 %) तथा 44578 महिला मतदाताओं में से 27055 (60.69 %) ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। शाम 5.00 बजे की स्थिति में 60 मतदान केन्द्रों में मतदान समाप्त हो चुका था। शेष केन्द्रों में कतार में लगे व्यक्तियों की मतदान प्रक्रिया जारी थी। इसी तरह नगर परिषद बरघाट के 15 वार्डों के लिए स्थापित 16 मतदान केन्द्रों में प्रात: 09 बजे की स्थिति में 18.39 %, 11.00 बजे की स्थिति में 41.29 %, दोपहर 01 बजे की स्थिति में 60.34 %, दोपहर 3 बजे की स्थिति में 74.14 % तथा शाम 5.00 बजे की स्थिति में 82.19 % मतदान हुआ था। जिसमें 4738 पुरूष मतदाताओं में से 3998 (84.38 % ) तथा 5006 महिला मतदाताओं में से 4012 (80.14 % )ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। शाम बजे तक बरघाट नगरीय क्षेत्र स्थित केन्द्रों में मतदान पूर्ण हो चुका था। 


कलेक्टर - एसपी ने मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर मतदान गतिविधियों का लिया जायजा



नगरीय निकाय के निर्वाचन- 2022  अंतर्गत प्रथम चरण में बुधवार 6 जुलाई को जिले की नगरपालिका सिवनी एवं नगर परिषद बरघाट में आयोजित हुए मतदान कार्यक्रम का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ राहुल हरिदास फटिंग एवं पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव ने सतत मॉनिटरिंग की। उन्होंने मतदान अवधि में दोनों नगरीय क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिवनी नगरीय निकाय अंतर्गत मतदान केन्द्र महात्मा गांधी स्कूल बारापत्थर,  मिशन बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ऊर्दू उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नेता जी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय, मठ मंदिर, नेता जी सुभाषचन्द्र बोस कन्या महाविद्यालय, विवेकानंद प्राथमिक शाला गंज वार्ड, उन्नयन शाला गंगा नगर, प्राथमिक शाला भैरोगंज एवं  उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी तथा बरघाट नगरीय क्षेत्र के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय बुनयादी शाला, सामुदायिक भवन बरघाट तथा प्राथमिक शाला मुंडापार में स्थापित मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया।            
                   

प्रेक्षक जीएस चौहान ने मतदान केन्द्रों का किया अवलोकन



राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री जी एस चौहान ने नगरीय निकायों के निर्वाचन में नगर पालिका सिवनी एवं नगर परिषद बरघाट में आयोजित हुए मतदान के दौरान विभिन्न मतदान केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नगरपालिका सिवनी क्षेत्र के मतदान क्रमांक 33, 34, 35, 36, 37, 38, 39, 40, 41, 42,72, 73, 85, 86, 87,88 एवं 89 तथा नगर परिषद बरघाट के मतदान केंद्र क्रमांक 01,02,08,10,11 एवं 12 निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन गतिविधी सुचारू एवं निष्पक्ष रूप संचालित पाई गई।              

नगरीय क्षेत्र के अधिकतम पोलिंग बूथ महिला शक्ति (सखी बूथ) द्वारा संचालित किए गए





नगरीय निकाय निर्वाचन-2022 कार्यक्रम अंतर्गत प्रथम चरण में आयोजित हुए सिवनी नगरपालिका एवं बरघाट नगर परिषद पार्षद पद के मतदान कार्यक्रम की खास बात यह है कि जिला मुख्यालय में व्यवस्थित मतदान के लिए स्थापित किये गए 118 पोलिंग बूथ में से 60 सखी बूथ बनाये गए थे। इन बूथों में पोलिंग अधिकारी के साथ ही पी1, पी2, पी3 सभी मतदानकर्मी महिलाएं नियुक्त की गई थी। नगरीय निकायों के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और निष्पक्ष रुप से संपन्न करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिलें की महिला शक्ति पर भरोसा जताया हैं। वहीं महिला कर्मियों ने भी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान सम्पन्न कराया। कलेक्टर डॉ राहुल हरिदास फटिंग के मार्गदर्शन में नगरीय क्षेत्र के अधिकतम पोलिंग बूथ महिला शक्ति द्वारा संचालित किए गए। वही अन्य बूथों में भी महिला कर्मियों की नियुक्ति की गई थी। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.