Type Here to Get Search Results !

क्या रामगुलाम उईके के त्यागपत्र देने से गोंगपा की बढ़ेगी मुसीबत ?

क्या रामगुलाम उईके के त्यागपत्र देने से गोंगपा की बढ़ेगी मुसीबत ?

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी में बढ़ रही गुटबाजी से कैसे निबटेंगा प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व 


सिवनी। गोंडवाना समय। 

गोंडवाना का राजनीतिक आंदोलन वैसे भी कई टुकड़ों में बंट चुका है इसके साथ भी मध्यप्रदेश में सरकार बनाने की बात पूरी दमखम से की जा रही है। हालांकि पूर्व के विधानसभा के चुनावों के परिणामों को देखा जाये तो गोंडवाना के राजनैतिक आंदोलनों में चुनाव के पहले तक सम्मेलनों, सभा, आंदोलन, धरना, प्रदर्शन, कार्यक्रमों में जिस संख्या में सगा जन शामिल होते है उनमें से अधिकांश चुनाव के मतगणना परिणाम में गायब हो जाते है इसका क्या कारण है इस पर न तो मंथन किया जाता है और न ही समीक्षा की जाती है।
                


हर बार की तरह सिर्फ भीड़ को देखकर ही अंदाजा लगाया जाता है कि मध्यप्रदेश में गोंडवाना के राजनैतिक आंदोलन की सरकार बनना तय है या उनके विधायक अधिक से अधिक संख्या में जीतकर आयेंगे लेकिन ऐसा हो नहीं पाता है। चुनाव परिणाम नकारात्मक आने के प्रमुख कारणों को जानने की आवश्यकता और उसे दूर करने के उपाय के बारे में विचार करने की जरूरत गोंडवाना के राजनैतिक आंदोलन नेतृत्वकर्ताओं को आखिर क्यों महसूस नहीं होती है यह तो वे ही समझ सकते है।
            बहरहाल हम यदि सिवनी जिले की बात करें तो यहां पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व विधायक व पार्टी के जिला अध्यक्ष रहे रामगुलाम उईके ने अपने पद के साथ साथ प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का एलान कर दिया है। वहीं बीते 24 दिसंबर 2022 को गोंगपा के जिला प्रभारी प्रकाश धुर्वे की मौजूदगी में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष के पद पर रामगुलाम उईके को हटाकर नये जिला अध्यक्ष के रूप में गया प्रसाद कुमरे की नियुक्ति कर दी गई है। 

5 जनवरी 2023 को विशेष मीटिंग का रखा गया आयोजन

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला प्रभारी के द्वारा की गई जिला अध्यक्ष की घोषणा के बाद हालांकि इस मामले में गोंगपा के ब्लॉक संगठनों में आपसी खींचतान व गुटबाजी भी स्पष्ट उभरकर सामने आ रही है जो कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लिये उचित नहीं है। जिला अध्यक्ष के पद से हटाये जाने के बाद पूर्व विधायक व जिला अध्यक्ष रामगुलाम उईके के समर्थकों ने 5 जनवरी 2023 को विशेष मीटिंग बुलाया है जिसमें सिवनी जिले भर के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होगा।
                इससे यह तो निश्चित ही कहा जा सकता है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष के पद से पूर्व विधायक रामगुलाम उईके को हटाने से कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में नाराजगाी व्याप्त है। इसी को लेकर आगामी 5 जनवरी 2023 को विशेष मीटिंग का आयोजन किया गया है। 

गोंगपा की गुटबाजी से कमजोर होगी पार्टी 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष के पद पर किये गये फेरबदल के बाद गोंडवाना के राजनैतिक आंदोलन के वरिष्ठ बुद्धिजीवियों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के पहले जिला संगठन में फेरबदल करने की कोई आवश्यकता नहीं थी। वैसे भी जिला अध्यक्ष रामगुलाम उईके के जिला अध्यक्ष रहते हुये 5 जिला पंचायत सदस्य और दो जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य पंचायती चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को अच्छी सफलता मिली है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा था पार्टी मजबूती की ओर अग्रसर हो रही थी।
            वहीं कुछ प्रदेश व राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने अपनी महत्वाकांछा के चलते सिवनी जिले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जिला अध्यक्ष के पद पर फेरबदल करवाकर गुटबाजी को बढ़ावा देने का कार्य किया है जिससे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को नुकसान होगा।
            वहीं वरिष्ठ बुद्धिजीवियों का यह भी कहना है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का नये जिला अध्यक्ष गया प्रसाद कुमरे भी वर्षों से पार्टी के समर्पित होकर कार्य कर रहे है उनमें कोई कमी नहीं है लेकिन फिलहाल आगामी विधानसभा चुनाव तक जिला अध्यक्ष के पद पर फेरबदल नहीं किया जाना था कुछ प्रांतीय व राष्ट्रीय पदाधिकारियों के द्वारा इस तरह का निर्णय लेकर सिवनी जिले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी संगठन में गुटबाजी को बढ़ावा देने का कार्य किया है जो आने वाले विधानसभा चुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के हानिकारक साबित हो सकता है। 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.