Type Here to Get Search Results !

कन्या शिक्षा परिसर में जय दुर्गे केटरिंग सर्विसेस संचालक कर्मचारियों का भी कर रहा शोषण

कन्या शिक्षा परिसर में जय दुर्गे केटरिंग सर्विसेस संचालक कर्मचारियों का भी कर रहा शोषण 

नोटिस में उल्लेखित कमियों के बाद जनजातिय कार्य विभाग सिवनी ने कैसे दे दिया मेस संचालन का ठेका 

जनजातिय कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारी व कर्मचारियों की कमीशनखोरी के कारण मिल रहा संरक्षण


सिवनी। गोंडवाना समय। 


कन्या शिक्षा परिसर सिवनी में जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस के संचालक सुनील साहू को मेस संचालन का ठेका दिया गया है। मेस संचालक मेस संचालन में गंभीर लापरवाही तो बरत ही रहा है इसके साथ में मेस संचालन में कार्य करने वाले कर्मचारियों का भी शोषण कर रहा है। जनजाति कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ सांठगांठ करते हुये जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस संचालक के द्वारा कन्या शिक्षा परिसर सिवनी में अत्याधिक अनियमितता विभाग के संरक्षण में किया जा रहा है। इस संबंध में कन्या शिक्षा परिसर सिवनी के प्राचार्य के द्वारा मेस संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है लेकिन जनजातिय कार्य विभाग के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा कमीशनखोरी करने के कारण मेस संचालक के हौंसले बुलंद है। 

जनजातिय कार्य विभाग का मेस संचालक पर बना हुआ है संरक्षण

प्राचार्य द्वारा जारी किये गये नोटिस में भोजन बैठक हॉल की साफ-सफाई भोजन के पूर्व एवं भोजन के बाद में ठीक तरह से नहीं की जा रही थी। वहीं किचन में शेष बचे भोजन को नष्ट नहीं किया जा रहा था जिससे वहां पर दुर्गंध एवं मख्खियां मच्छर पनप रहे है। जिससे कन्या शिक्षा परिसर में पढ़ने वाली छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा है। इसके साथ ही मेस संचालन के कार्य में लगाये गये कर्मचारियों से संबंधित नियमानुसार बीमा दुघर्टना, क्षतिपूर्ति आदि के संबंध में कोई अभिलेख संस्था में उपलब्ध नहीं कराये गये है। इसके बाद भी जनजातिय कार्य विभाग का संरक्षण मेस संचालक पर बना हुआ है। 

कर्मचारियों को नहीं उपलबध करवाया आवश्यक सामग्री

जय दुर्गे केटरिंग सर्विसेस संचालक सुनील साहू के द्वारा मेस के कर्मचारियों को एप्रोम, मास्क, हैंडकेप भी उपलब्ध नहीं कराये गये है। वहीं कर्मचारियों के ईपीएफ पंजीयन की प्रति भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस सबके बाद अब सवाल यह उठता है कि जनजातिय कार्य विभाग सिवनी ने कैसे मेस संचालन का ठेका दे दिया है। इस संबंध में यही चर्चा चल रही है कि जनजातिय कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारी कर्मचारी की सांठगांठ इसमें शामिल है जो जनजातिय वर्ग की छात्राओं के निवाला छीनने में सहयोगी बने हुये है। 

कर्मचारियों की बैंक पासबुक की प्रति संस्था में उपलब्ध नहीं कराई गई है

कन्या शिक्षा परिसर बोरदई सिवनी जो कि जनजातिय कार्य विभाग सिवनी के अंतर्गत संचालित हो रहा है। वहां पर मेस संचालक के द्वारा अत्याधिक लापरवाही बरती जा रही है वहीं ठेका लेने के पूर्व निर्धारित शर्तों को भी उसके द्वारा पूर्ण नहीं किया गया है। वहीं मेस संचालन में कार्य करने वाले कर्मचारियों का शोषण भी किया जा रहा है। जय दुर्गे केटरिंग सर्विसेस सिवनी के संचालक सुनील साहू के द्वारा मेस संचालन के लिये नियुक्त किये गये कर्मचारियों की बैंक पासबुक की प्रति संस्था में उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके साथ ही मेस संचालन में लगे हुये कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ सफाई, स्वच्छता एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को भी सुनिश्चित करने संबंधी कार्यवाही नहीं की गई है। इस संबंध में भी मेस संचालक को नोटिस जारी किया गया है। 

कन्या शिक्षा परिसर में कोई अप्रिय घटना घटित हुई तो कौन होगा जिम्मेदार

कन्या शिक्षा परिसर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जनजातिय कार्य विभाग सिवनी के कुछ कमीशनखोर अधिकारी कर्मचारी संवेदनशील व गंभीर नहीं है, इसलिये वे मेस संचालक ठेकेदार से सांठगांठ कर संरक्षण दे रहे है। जिसके कारण जय दुर्गे केटरिंग सर्विसेस संचालक के द्वारा मेस संचालन में लगे कर्मचारियों को परिचय पत्र भी नहीं दिया गया है। कन्या शिक्षा परिसर जो कि छात्राओं का परिसर है वहां पर बिना परिचय पत्र के इस तरह से कार्य करना या कन्या शिक्षा परिसर के प्रांगण में प्रवेश करना, गंभीर लापरवाही है यदि भविष्य में कोई घटना घटती है तो क्या जनजातिय कार्य विभाग के कमीखोर अधिकारी कर्मचारी जिम्मेदार रहेंगे या फिर मेस संचालक होगा जिम्मेदार या फिर कन्या शिक्षा परिसर की अधीक्षिका या प्राचार्य आखिर कौन जवाबदार रहेगा।  

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.