Type Here to Get Search Results !

बैनगंगा नदी की बाढ़ में फंसे 5 लोगों की रेस्क्यू टीम ने बचाई जिंदगी

बैनगंगा नदी की बाढ़ में फंसे 5 लोगों की रेस्क्यू टीम ने बचाई जिंदगी 

एक व्यक्ति को हेलीकॉप्टर एवं चार को एसडीईआरएफ के दल ने किया रेस्क्यू

सरकार, शासन, प्रशासन, क्षेत्रिय विधायक व ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई 


अजय नागेश्‍वर, विशेष संवाददाता
उगली। गोंडवाना समय।

केवलारी विकासखंड के उगली क्षेत्र के ग्राम घाट खरपड़िया के पास बैनगंगा नदी स्थित टापू में ग्राम के ही 5 लोगों के फंसे होने की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित राहत बचाव कार्य करते हुए 5 लोगों में से एक व्यक्ति बबलू ढीमर जो एक छोटे टापू में पेड़ में चढ़ा हुआ था को हेलीकाप्टर से सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केवलारी में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु भेजा गया।
                


जहां चिकित्सकों द्वारा बबलू को बिल्कुल स्वस्थ बताया गया। इसी तरह शेष 4 लोग मानसिंह एवं इसकी पत्नी मीरा, सुखलाल लोहार एवं एक अन्य व्यक्ति का एसडीईआरएफ दल द्वारा मोटर बोट एवं रस्सा की मदद से रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
             इस दौरान क्षेत्रीय विधायक श्री राकेश सिंह पाल,  प्रभारी कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती निधि सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व केवलारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शंभू कहार को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया


सिवनी जिले के केवलारी जनपद पंचायत क्षेत्र के पुलिस थाना उगली के अंतर्गत ग्राम घाट खरपड़िया के सातधारा में 5 लोग जिनमें 4 पुरुष एवं 1 महिला बैनगंगा नदी की बाढ़ में फंस गए थे। जिसमें से 1 व्यक्ति शंभू कहार को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

वही बाढ़ में फंसे 4 लोगों को एसडीईआरएफ एंड होमगार्ड रेस्क्यू टीम के द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग 7:30 बजे चारों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
            

घटना की जानकारी लगने पर विधायक राकेश पाल सिंह ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से दूरभाष के माध्यम से बात कर घटना की जानकारी दी। विधायक के प्रयास से शंभू कहार को हेलीकॉप्टर से एवं अन्य 4 लोगों को रेस्क्यू टीम के द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।

हम बाढ़ में फंस गए हैं गांव वाले को बता देना 

वहीं बैनगंगा नदी की बाढ़ में फंसे मान सिंह धुर्वे की पुत्री शिवानी ने कहा कि 27 जून को मम्मी-पापा खेत गए हुए थे, लगभग 2 बजे तक वो खेत में ही थे। नदी से खेत पास में ही है, हो सकता है वो लकड़ी के लिए नदी की ओर गए हो और नदी में बाढ़ अचानक से बढ़ गई हो और वो नदी में ही फस गए।
            उन्होंने शाम 5:00 बजे मुझे फोन लगाकर सूचना दिए की हम बाढ़ में फंस गए हैं। जान बचाने के लिए हम चारों पेड़ के ऊपर टहनी पर हैं, गांव वाले को बता देना। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों की संख्या में उगली, केवलारी, चांगोटोला क्षेत्र सहित सिवनी के लोग पहुंचे। साथ ही मीडिया के साथियों ने भी पल-पल की अपडेट जनता एवं शासन प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री सतत संपर्क में रहे और नागरिकों की सुरक्षा के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर सिवनी को जिले में अतिवर्षा के स्थिति से उत्पन्न समस्याओं से नागरिकों की आवश्यक सुरक्षा और जरूरी राहत के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने आज सिवनी जिले के केवलारी विकासखंड में वैनगंगा नदी की बाढ़ में फँसे एक युवक को हेलीकॉप्टर की मदद से और अन्य 4 को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिए जाने पर संतोष व्यक्त किया।
            मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों के बचाव के लिए सेना के हेलीकॉप्टर के उपयोग के लिए प्रशासन द्वारा इसी तरह यथासमय पहल आवश्यक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान कलेक्टर सिवनी और रेस्क्यू आॅपरेशन में संलग्न अधिकारियों के सतत संपर्क में रहे। 

विधायक राकेश पाल सिंह के प्रयास से मुख्यमंत्री ने हेलीकाप्टर की व्यवस्था कराई 


सिवनी जिला बीते दो दिनों से हुई बरसात के बाद नदी-नालों पर पानी बाढ़ के रूप में बहते हुई दिखाई दिया। नगरीय क्षेत्रों में रहवासी इलाकों में पानी घरों में भर गया तो कुछ क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ। अत्याधिक बारिश के कारण बैनगंगा नदी में भी बाढ़ की स्थिति निर्मित हुई।
             जिसके चलते केवलारी तहसील के उगली थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत रुमाल के घाट खरपड़िया सप्तधारा के समीप एक महिला व चार पुरुष नदी के बीच में टापू में फंस गए थे। जिसके बाद सूचना मिलने पर केवलारी विधायक राकेश पाल सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर हेलीकाप्टर से सभी को सुरक्षित निकालने हेतु निवेदन किया।
        जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्षा मंत्रालय से बात कर हेलीकाप्टर उपलब्ध कराया। जिसके बाद एक व्यक्ति जो गंभीर रूप से नदी के बीच में फंसा हुआ था उसे तुरंत हेलीकाप्टर से रेस्क्यू कर निकाल लिया गया। 

ये रहे उपस्थित 


घटना की जानकारी मिलते ही  उगली पुलिस घटनास्थल पर दल बल के साथ पहुंची। वही घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव, विधायक श्री राकेश पाल, अपर कलेक्टर, नायब तहसीलदार  एसडीइआरएफ एंड होमगार्ड रेस्क्यू टीम, एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, पटवारी, मंडल अध्यक्ष सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना 

म.प्र.शासन राजस्व विभाग मंत्रालय द्वारा दिये गये निदेर्शानुसार जिले में अतिवर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने एवं पूर्व तैयारियों हेतु कलेक्टर श्री क्षितिज सिंघल द्वारा जिलास्तर पर जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। उक्त नियंत्रण कक्ष 24 घंटे गतिशील रहेगा।
            नायब तहसीलदार श्री रामसेवक कोल को जिला बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही पारी-वार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष का कार्यालयीन दूरभाष नंबर 07692-255866 है तथा बाढ आपदा नियंत्रण कक्ष प्रभारी श्री कोल का मो. नं. 8358896260 है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.