Type Here to Get Search Results !

मोनिका बट्टी ने भाजपा ज्वाइन की, अमरवाड़ा से हो सकती है बीजेपी की उम्मीदवार

मोनिका बट्टी ने भाजपा ज्वाइन की, अमरवाड़ा से हो सकती है बीजेपी की उम्मीदवार 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आशीर्वाद देकर भाजपा में किया स्वागत 

कांग्रेस के लिये अमरवाड़ा सहित छिंदवाड़ा में बनेंगी मुसीबत 

मोनिका बट्टी ने दिया अखिल भारतीय गोंडवाना की प्राथमिक सदस्यता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा


छिंदवाड़ा/अमरवाड़ा। गोंडवाना समय। 

विधानसभा चुनाव 2023 में जीत के लिए भाजपा ने छिंदवाड़ा जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मोनिका मनमोहन शाह बट्टी को भाजपा में प्रवेश कराया। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू और पूर्व जिला मंत्री नितिन तिवारी, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवशी के प्रयासों से भाजपा को बड़ी सफलता हासिल हुई है।

अमरवाड़ा विधानसभा में जीत और छिंदवाड़ा जिले से करप्शननाथ की विदाई सुनिश्चित हो गयी है-मुख्यमंत्री 


भाजपा के इस दांव से अमरवाड़ा विधानसभा में भाजपा सबसे मजबूत स्थिति में आ गयी है। कांग्रेस को अमरवाड़ा विधानसभा सहित जिले में इस समाचार से बड़ा झटका लगा है। मोनिका बट्टी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान  के समक्ष मुख्यमंत्री निवास में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू, भाजपा नेताओं के साथ जाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
        मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने मोनिका बट्टी का आशीर्वाद देते हुये पार्टी का दुपट्टा ओढ़ाकर उनका पार्टी में स्वागत करते हुए कहा मोनिका बट्टी के नेतृत्व में अमरवाड़ा विधानसभा में जीत और छिंदवाड़ा जिले से करप्शननाथ की विदाई सुनिश्चित हो गयी है।

भाजपा में शामिल होने का ये भी हो सकता है कारण 


हम आपको बता दे कि मोनिका बट्टी, गोंडवाना आंदोलन के आधार स्तंभों में से एक और अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी के संस्थापक व गोंडवाना के दबंग नेतृत्वकर्ता लिंगोवासी मनमोहन शाह बट्टी जी की बेटी है। पूर्व विधायक मनमोहन शाह बट्टी जी के लिंगोवासी हो जाने के पश्चात अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मोनिका बट्टी राजनीतिक विरासत को संभालते हुये कार्य कर रही थी लेकिन कुछ ऐसे लोग थे जो कि लिंगोवासी मनमोहन शाह बट्टी जी के जीवित रहते समय अपना मुंह भी नहीं खोल पाते थे और उनके सामने सर उठाने की हिम्मत नहीं कर पाते थे उनके द्वारा मोनिका बट्टी को अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर कार्य करने नहीं दिया जा रहा था।
            ऐसी परिस्थिति में मोनिका बट्टी के राजनैतिक भविष्य के साथ साथ लिंगोवासी मनमोहन शाह बट्टी जी की राजनीतिक विरासत भी असमंजस की स्थिति में लगने लगा था क्योंकि लिंगोवासी मनमोहन शाह बट्टी जी के द्वारा जिन लोगों को राजनीति सिखाया गया था वे लोग ही उनकी बेटी मोनिका बट्टी को राजनीति से दूर करने की कोशिश कर रहे थे। संभावना यही जताई जा रही है कि ऐसी स्थिति में मोनिका बट्टी ने अपना रास्ता बदलने का मन बना लिया और वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई। 

भाजपा के साथ मिलकर गोंडवाना आंदोलन को आगे बढ़ायेंगी-मोनिका बट्टी 


भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए मोनिका बट्टी ने कहा कि उनके पिता पूर्व विधायक स्वर्गीय मनमोहन शाह बट्टी के गोंडवाना आंदोलन को वे आगे बढ़ायेंगी और आदिवासियों के हित की लड़ाई भाजपा के साथ मिलकर लड़ेंगी। छिंदवाड़ा से भाजपा का सांसद और मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाकर आदिवासियों के उत्थान के लिए काम करेंगी। जिले की सातों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशी भारी बहुमत से जीतेंगे। 

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के कारण देश व प्रदेश विकास संभव हुआ 


मोनिका बट्टी ने कहा कि भाजपा की केंद्र व मध्यप्रदेश सरकार के संचालित आदिवासियों की उत्थान की योजनाओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में ही देश और प्रदेश का विकास सम्भव हुआ है।
                मोनिका बट्टी के भाजपा प्रवेश पर भारिया विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिनेश अंगारिया, जिला महामंत्री टीकाराम चंद्रवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रीति नितिन तिवारी, जनपद अध्यक्ष नीलेश कंगाली, जिला भाजपा उपाध्यक्ष हजारी साहू, जिला मंत्री मनोज नेमा, वरिष्ठ नेता संतोष नेमा, सुभाष चचड़ा, नितिन तिवारी, पूर्व नपाध्यक्ष  देवेन्द्र जैन, ललिता वर्मा, नवीन जैन, मोनिका शंभू साहू, संतोष पटेल, मंडल अध्यक्ष विनोद चंद्रवंशी, पवन बंजारा, शैलेन्द्र पटेल, सोनू सरस्वार, राजेश डेहरिया, संतोष यादव, सुमित गुप्ता, सरपंच योगेश यादव, कैलाश साहू, परसदी पटेल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष शंभू साहू, जिला पंचायत सदस्य चैनसिंह जघेंला, नगरपालिका सभापति विनोद साहू, आरिफ शाह, संजू अमरलाल सूर्यवंशी, दीपा मुकेश सूर्यवंशी, नीतू पटेल,सरपंच धनपाल शाह, घनश्याम ठाकुर सहित भाजपा कार्यकतार्ओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए  पार्टी में स्वागत किया है। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.