Type Here to Get Search Results !

राजा दलपत शाह की निर्माणाधीन प्रतिमा को आदिवासी समाज कतई स्वीकार नहीं कर सकता, तत्काल हटाने की मांग

राजा दलपत शाह की निर्माणाधीन प्रतिमा को आदिवासी समाज कतई स्वीकार नहीं कर सकता, तत्काल हटाने की मांग 

सिवनी जिला मुख्यालय के दलसागर तालाब में निर्माणाधीन राजा दलपत शाह की प्रतिमा को लेकर गोंड समाज महासभा ने आपत्ति दर्ज कराया

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिवनी को प्रतिमा तत्काल हटाकर, आदिवासी समाज के निर्णय अनुसार प्रतिमा स्थापित कराने की मांग 


सिवनी। गोंडवाना समय। 

राजा दलपत शाह मड़ावी की प्रतिमा के स्वयप को बदलकर पुन: निश्चित स्वरूप देकर स्थापित किये जाने को लेकर गोंड समाज महासभा सहित अन्य आदिवासी समाजिक पदाधिकारियों के द्वारा नगर पालिका अधिकारी सिवनी को आग्रह पत्र दिया गया है। 

निर्णय के विपरीत प्रतिमा स्थापित कराई जा रही है 


गोंड समाज महासभा के जिला अध्यक्ष चित्तोड़ सिंह कुशराम ने बताया कि हमारे द्वारा सिवनी मुख्यालय में दलसागर तालाब में राजा दलपत शाह की प्रतिमा स्थापित कराये जाने हेतु जो प्रतिमा तैयार कराई गई है उस पर जनजाति समुदाय को आपत्ति है जिसे हमारे द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी सिवनी को अवगत करा दिया गया है।
                

इस संबंध में लिखे गये पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद सिवनी के द्वारा महाराजा दलपत शाह की जो प्रतिमा दलसागर तालाब में स्थापित कराई जा रही है वह प्रतिमा महाराजा दलपत शाह की प्रतिमा से मेल नहीं खाती है।
                

प्रतिमा स्थापना के पूर्व समस्त आदिवासी संगठनों के मुख्य पदाधिकारियों से विचार विमर्श कर जो प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था उसके ठीक विपरीत प्रतिमा स्थापित कराई जा रही है। जिसको  आदिवासी समाज कतई स्वीकार नहीं कर सकता, महाराजा दलपत शाह जिन्होंने सिवनी शहर की नींव रखते हुये दलसागर तालाब का निर्माण कराया, ऐसे गोंड राजा का स्वरूप भव्य होना चाहिये। 

वर्तमान प्रतिमा को तत्काल हटाया जावे 


इस संबंध में आग्रहपूर्वक निवेदन करते हुये उल्लेख किया है कि दलसागर टापू पर स्थापित प्रतिमा को तत्काल हटाकर आदिवासी समाज द्वारा निर्णय लिये गये महाराजा दलपत शाह की प्रतिमा की स्थापना कराई जावे या आदिवासी समाज को प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति प्रदान की जावे। 

सिवनी विधायक ने कहा था जैसा आदिवासी समाज चाहेगा वैसी ही प्रतिमा का निर्माण कराया जायेगा 


हम आपको बता दे कि सिवनी शहर के दलसागर तालाब में राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा स्थापना की मांग वर्षों से आदिवासी समाज के द्वारा की जा रही थी। गोंडवाना साम्राज्य के राजा दलपत शाह जी के नाम पर सिवनी शहर के दलसागर तालाब का सौंदर्यीकरण और टापू पर राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा की स्थापना की जा रही है, यह पूरे देश के ऐतिहासिक भी होगा क्योंकि दलसागर तालाब का सौंदर्यीकरण का कार्य जिस तरह से किया जा रहा है वह बड़े शहरों में भी मौजूद नहीं है।
                

 वहीं सबसे महत्वपूर्ण विषय यह है कि गोंडवाना साम्राज्य के वीर प्रतापी राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा सबसे ऊंची सिवनी जिला मुख्यालय में स्थापित होने जा रही है यह देश में अपना ऐतिहासिक इतिहास कायम रखेगी। राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा स्थापना के लिये सिवनी विधायक ने भूमिपूजन कार्यक्रम के दिन 19 जुलाई को ही कह दिया था कि जैसा आदिवासी सगा समाज चाहेगा वैसी राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा का निर्माण कराया जायेगा। 

सगा समाज ने इस आकृति की प्रतिमा बनवाने का लिया था निर्णय 


प्रतिमा निर्माण को लेकर सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने बीते दिनों अपील किया था कि राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा की फोटो उपलब्ध करवाये, इस संबंध में सिवनी जिले के आदिवासी समाज के समाजिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों व आदिवासी समाज के बुजुर्गों व युवाओं द्वारा 24 जुलाई 2023 को सिवनी जिला मुख्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण मीटिंग में सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन शामिल हुये, जहां उन्होंने आदिवासी समाज को ही राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा निर्माण के लिये अंतिम निर्णय के लिये आग्रह किया और कहा कि आप सगा समाज जैसा चाहेंगे, जैसा कहेंगे वैसा ही राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा का निर्माण कार्य कराया जायेगा।
                

इस आधार पर मीटिंग में मौजूद आदिवासी समाज के बजुर्गों, संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों, युवाओं व युवतियों ने सर्वसम्मिति से प्रस्ताव पारित करते हुये निर्णय सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन को सौंपा। वहीं सिवनी विधायक ने यह भी बताया था कि राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा निर्माण का संपूर्ण व्यय स्वयं सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन के द्वारा ही उठाया जा रहा है। 

सिवनी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से मिट्टी एकत्र करवाया था 

मीटिंग के दौरान आदिवासी सगा समाज को विधायक सिवनी द्वारा यह भी जानकारी दी गई थी कि राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा निर्माण स्थल पर उनके द्वारा सिवनी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से देवठाना व देवस्थलों से मिट्टी एकत्र करके लाया जायेगा।
            जो कि राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा स्थल पर लगाया जायेगा, जिससे गांव-गांव के आदिवासी समाज सहित सभी वर्ग की आस्था, भावना भी जुड़ेगी। वहीं सिवनी विधायक ने यह भी कहा कि सिवनी जिले की चारो विधानसभा क्षेत्र यदि जनप्रतिनिधि चाहे तो वह भी देवस्थलों से मिट्टी एकत्र कर भेज सकते है।
                 वहीं इस कार्य हेतु आदिवासी समाज के प्रमुख व बुजुर्गों के निर्णय पर भुमका संघ की टीम खेरमाई व पेनठाना से मिट्टी एकत्र करने का कार्य करेंगे जिस पर सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन द्वारा सिवनी विधानसभा क्षेत्र से गांव-गांव से मिट्टी एकत्र कर लाया गया था। 

प्रतिमा निर्णय के समय प्रमुख रूप से ये सामाजिक पदाधिकारी थे मौजूद 


राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा निर्माण के संबंध में और सिवनी शहर की प्रसिद्ध दलसागर तालाब में राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा स्थापना व प्रतिमा निर्माण को लेकर सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन की उपस्थिति में आदिवासी समाज के समस्त सामाजिक संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों, आदिवासी समाज के बुजुर्गों की उपस्थिति में सिवनी शहर मुख्यालय में 24 जुलाई 2023 को महत्वपूर्ण मीटिंग का आयोजन किया गया।
                जहां पर इस दौरान तिरू बी एल बट्टी वरिष्ठ समाजसेवी, तिरू बी.एस. परतेती प्रदेश अध्यक्ष गोंड समाज महासभा,  तिरू पी एल बरकड़े दादा वरिष्ठ समाजेसवी, तिरू महादेव तेकाम वरिष्ठ समाज सेवी, तिरू चंदनलाल मर्सकोले प्रांतीय अध्यक्ष मध्यप्रदेश अखिल गोंडवाना गोंड महासभा, तिरू केवल सिंह परते वरिष्ठ समाज सेवी, तिरू चित्तौड़ सिंह कुशराम जिलाध्यक्ष गोंड समाज महासभा, तिरू संत कुमार मर्सकोले अजाक्स, तिरू लक्ष्मण मर्सकोले, महेन्द्र कांटेबार आकाश अध्यक्ष, सुखदेव पन्द्रे,  ठा. वीरेन्द्र राज सिंह, विपतलाल उईके, ओमकार सिंह, चंदनशाह उईके, अंशुल शाह मरकाम, संतोष धुर्वे, श्याम सिंह इनवाती, ब्रज सिंह उइके, किशोर इनवाती, बेनीराम इनवाती, उमाशंकर बट्टी, गहन सिंह भलावी, सोमलाल उईके, हरीशचंद मर्सकोले, अनिल उईके, कैलाश राम उईके, नेम सिंह पुनाह, सतेन्द्र मर्सकोले, महेन्द्र परते,  शेर सिंह परते, राजेन्द्र उईके,  जीता मर्सकोले, कमलेश ठाकुर, अर्जुन सिंह उइके, जगदीश परते, सहत लाल सरुते, राधा कुमरे, रुपाली उइके, रबीना मसराम, रामेश्वर धुर्वे, पीएस मरकाम, रोशन, एन एल कुवेर्ती, सहित आदिवासी समाज के समाजिक पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति थी। 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.