Type Here to Get Search Results !

उदय परते कबड्डी खिलाड़ी की योग्यता व मेहनत को मिला 50 लाख 10 हजार रूपये का सम्मान

उदय परते कबड्डी खिलाड़ी की योग्यता व मेहनत को मिला 50 लाख 10 हजार रूपये का सम्मान 

जयपुर पिंक पैंथर टीम के ओर से कबड्डी खेल का हुनर दिखायेंगे उदय परते 

उड़ेपानी ग्राम के आदिवासी युवा खिलाड़ी उदय परते ने कबड्डी खेल में भरी उड़ान 

माता-पिता, परिवार, समाज, गांव, सिवनी जिला का उदय परते ने किया नाम रोशन 


सिवनी। गोंडवाना समय। 

आदिवासी बाहुल्य जिला सिवनी में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, हॉकी, बॉलीवाल, क्रिकेट के साथ अन्य खेलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करके सिवनी जिले का नाम रोशन किया है। परंपरागत खेल व ग्रामीण अंचल में सर्वाधिक चर्चित व रूचीकर खेल कबड्डी में भी आदिवासी युवा उदय परते ने सिवनी जिले का नाम पूरे देश में गौरवांवित किया है।
                


गुदड़ी के लाल और गांव की माटी में पले बढ़े उदय परते ने कबड्डी खेल में कमाल कर दिखाया है। उड़ेपानी ग्राम के आदिवासी युवा उदय परते कबड्डी खेल में जयपुर पिंक पैंथर टीम की ओर से खेलेंगे इसके लिये उन्हें 50 लाख 10 हजार रूपये उनकी योग्यता व मेहनत पर सम्मान स्वरूप प्रदान कर टीम में शामिल किया गया है। अब सिवनी जिले के लाल उदय परते जयपुर पिंक पैंथर टीम के ओर से कबड्डी खेल का हुनर दिखायेंगे।  

सिवनी जिला के ग्रामीण क्षेत्र से हुआ कबड्डी खिलाड़ी का उदय


हम आपको बता दे कि आदिवासी बाहुल्य जिला सिवनी जिले के ग्रामीण इलाकों में भी खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है बस इन ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को तरासने और बेहतर प्लेटफार्म मुहैया कराने की जरूरत है। सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण इलाके से खिलाड़ी देश में परचम लहरा रहे है।
            इसी कड़ी में सिवनी जिले के एक होनहार खिलाड़ी का चयन प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 के लिए हुआ है। सिवनी जिले के उड़ेपानी ग्राम के खिलाड़ी उदय परते का चयन होने की जानकारी मिलते ही गांव सहित सिवनी जिले में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है, हर कोई उदय परते कबड्डी खिलाड़ी को बधाई देने में लगा हुआ है।

पिंक पैंथर टीम की ओर से कबड्डी खेलते नजर आयेंगे उदय परते 


सिवनी के ग्रामीण अंचल से ग्राम उड़ेपानी में एक ऐसे खिलाड़ी का उदय हुआ है जिसकी किसी ने कल्पना तक नहीं की होगी लेकिन ग्रामीण अचंल की मिट्टी में पला बढ़ा उदय परते अब प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 में जयपुर पिंक पैंथर टीम से खेलता हुआ दिखाई देगा। सिवनी जिले के ग्राम उड़ेपानी के लाल उदय परते की योग्यता, हुनर व मेहनत को देखते हुये जयपुर पिंक पैंथर टीम ने 50 लाख 10 हजार रुपए की राशि सम्मान स्वरूप प्रदान कर टीम में स्थान दिया है। 

शिक्षक है पिता लेकिन कबड्डी के अच्छे खिलाड़ी रहे है 


हम आपको बता दे कि कबड्डी खिलाड़ी उदय परते की प्रारंभिक शिक्षा अपने ही गांव उड़ेपानी में ही पूर्ण की। इसके पश्चात उच्च शिक्षा के लिए एमएससी सागर यूनिवर्सिटी से पूर्ण की है। उदय परते का जन्म पिता तिरु. श्याम परते एवं माता सरोज परते के यहां 06 जून 2002 को हुआ। उदय परते के पिता शिक्षक है जो अपने समय के सिवनी जिला के कबड्डी के बहुत अच्छे खिलाड़ी रहे है। उदय परते को बचपन से ही अपने पिता और सीनियर खिलाड़ियों का मार्गदर्शन मिला। 

उदय परते का चयन संभाग और राज्य स्तर के लिए हुआ था 


वहीं उदय परते को कबड्डी खेलने का हुनर श्री एच एल उईके शिक्षक कांचना (कलारबांकी) का भी मार्गदर्शन मिला। खेल के प्रति लगाव को देखते हुए इनके पिता ने खेल विभाग सिवनी एवं खेल एकेडमी जबलपुर प्रशिक्षण के लिए भेजा। जहां से उदय परते का चयन संभाग और राज्य स्तर के लिए हुआ था। इसके बाद उदय परते ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और आज उनका प्रो कबड्डी लीग सीजन 12 में जयपुर पिंक पैंथर टीम का हिस्सा बने हुये हैं।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.