महिला डॉक्टर के घर तोड़फोड़, अश्लील गालियां और जान से मारने की धमकी
कांग्रेस नेता जनपद सदस्य आनंद भगत सहित समेत 6 पर गंभीर आरोप
उगली में महिला डॉक्टर और परिवार को देर रात गालियां व जान से मारने की धमकी,
महिला डॉक्टर के चरित्र पर अपमानजनक टिप्पणी, परिवार को जिंदा जलाने की धमकी
महिला डॉक्टर ने की कठोर कार्रवाई की मांग
सिवनी। गोंडवाना समय।
भारत एक ऐसा देश है जहां बेटियों को लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। जहां रक्षाबंधन जैसे पर्व भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के प्रतीक माने जाते हैं लेकिन विडंबना देखिए उसी धरती पर एक महिला डॉक्टर, जो समाज की सेवा कर रही है।
सिवनी जिले के अंतर्गत उगली थाना क्षेत्र के उगली मुख्यालय में महिला डॉक्टर के यहां आधी रात घर में कांग्रेस नेता जनपद सदस्य आनंद भगत अपने कुछ साथियों के द्वारा घर में घुसकर गंदी गंदी गालियां दी गई। वहीं महिला डॉक्टर के चरित्र पर कीचड़ उछाला गया। यहां तक कि पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दिया गया है।
कांग्रेस पार्टी का हवाला देकर कानून को दे रहे चुनौती
यह सिर्फ एक परिवार पर हमला नहीं है, बल्कि यह हमारे सामाजिक मूल्य, महिलाओं की गरिमा और कानून के शासन पर सीधा प्रहार है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि आरोप मुख्य रूप से एक निर्वाचित जनपद सदस्य पर हैं, जो खुलेआम कांग्रेस पार्टी का हवाला देकर अपनी राजनीतिक पकड़ रसूख दिखाते हुये कानून को चुनौती दे रहा है।
अगर लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि ही कानून की धज्जियां उड़ाने लगें और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहे, तो फिर आम आदमी की सुरक्षा किसके भरोसे होगी? अगर ऐसे मामलों में राजनीतिक दबाव के आगे पुलिस झुकती रही, तो यह प्रवृत्ति और बढ़ेगी और कल को कोई भी बेटी, बहन या मां सुरक्षित नहीं रहेगी। भारत में बेटियों को लक्ष्मी कहा जाता है, लेकिन उनके सम्मान की रक्षा तभी होगी जब हम सिर्फ पूजेंगे नहीं, बल्कि उनके अधिकार और सुरक्षा की गारंटी भी देंगे।
गंदी-गंदी गालियां दी एवं चरित्र पर अपमानजनक टिप्पणी की
सिवनी जिले के पुलिस थाना उगली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उगली में एक महिला डॉक्टर एवं उनके पति को देर रात घर में घुसकर गंदी-गंदी गालियां दी एवं चरित्र पर अपमानजनक टिप्पणी की और पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता डॉ. तरूणा बिसेन, निवासी ग्राम उगली, ने पुलिस अधीक्षक सिवनी को लिखित शिकायत में जनपद सदस्य आनंद भगत समेत 10 लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
बेटा डर के मारे बेहोश हो गया और अब तक स्कूल नहीं जा रहा है
पीड़िता के अनुसार, 7 अगस्त 2025 की रात करीब 11:30 बजे आरोपीगण एक राय होकर अपने साथ 6 अन्य व्यक्तियों को लेकर उनके घर पहुंचे। उस समय डॉक्टर दंपत्ति अपने बच्चों के साथ घर पर मौजूद थे और क्लिनिक बंद था।
आरोप है कि सभी ने घर के दरवाजे पर लात मारते हुए तोड़फोड़ की, सार्वजनिक रूप से अश्लील गालियां दीं, महिला डॉक्टर के चरित्र पर अपमानजनक टिप्पणी की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। डॉ. बिसेन का कहना है कि घटना के दौरान उन्होंने पूरी बात का आॅडियो साक्ष्य सुरक्षित कर रखा है।
आरोपियों ने कहा कि आज तो छोड़ रहे हैं, सुबह होने दो, गांव में रहने नहीं देंगे और पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। इस धमकी से उनका बेटा, जो पहले से शारीरिक रूप से दिव्यांग है, डर के मारे बेहोश हो गया और अब तक स्कूल नहीं जा रहा है।
मेरी राजनीति में ऊपर तक पकड़ है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता
पीड़िता का आरोप है कि मुख्य आरोपी आनंद भगत जनपद सदस्य हैं और कांग्रेस पार्टी का नेता है। अपने उच्च राजनीतिक पहुंच के कारण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपी खुलेआम कहते हैं कि मेरी राजनीति में ऊपर तक पकड़ है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। डॉ. बिसेन ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जनपद सदस्य आनंद भगत समेत सभी आरोपियों के खिलाफ तत्काल अपराध दर्ज कर दंडात्मक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए और उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।


