गोंड समाज महासभा सर्किल कमेटी चांगोटोला, लामता, चरेगांव, विश्रामपुर ने संयुक्त रूप से मनाया वर्ल्ड इंडीजिनियस डे
वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण हेतु भूमि पूजन किया गया
बालाघाट। गोंडवाना समय।
9 अगस्त 2025 को बालाघाट जिला के रानी दुर्गावती पार्क चांगोटोला में गोंड समाज महासभा सर्किल कमेटी चांगोटोला, लामता, चरेगांव, विश्रामपुर के संयुक्त तत्वावधान में बड़े ही धूमधाम से अंतर्राष्ट्रीय मूलनिवासी दिवस मनाया गया।
गरिमामयी उपस्थिति में विविध कार्यक्रम संपन्न हुए
कार्यक्रम मुख्यातिथि श्री बी एस परतेती प्रदेश अध्यक्ष गोंड समाज महासभा मध्यप्रदेश, श्री एफ एस कमलेश जिला संरक्षक, कार्यक्रम अध्यक्ष श्री प्रहलाद सिंह सैयाम जिला अध्यक्ष बालाघाट, विशिष्ट अतिथि श्री राजेन्द्र सिंह मरावी प्रदेश सचिव गोंडी धर्म, संस्कृति साहित्य प्रकोष्ठ मप्र, श्री फूल सिंह सैयाम प्रदेश संगठन मंत्री गोंडी भुमका प्रकोष्ठ मप्र, चांगोटोला सरपंच श्री प्रमोद ठाकरे, विधायक प्रतिनिधि श्री बलराम उइके, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तेकाम, गोंडी भुमका प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री मानिक राम उइके, शिक्षक श्री महेश कुमार इड़पाची, श्री अनिलासुर तेकाम, जनपद सदस्य श्री लखन उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मचारी अधिकारी, समाजसेवी, की गरिमामयी उपस्थिति में विविध कार्यक्रम संपन्न हुए।
ज्ञापन भी तहसीलदार को सौपा गया
कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामों से परंपारिक वाद्ययंत्र के साथ विशाल रैली सहित हजारों की संख्या में सगाजन शामिल हुए, कार्यक्रम की शुरूआत वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा पर माल्यार्पण और गोंगो पूजन कर किया गया, साथ ही वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण हेतु भूमि पूजन भी किया गया।
तत्पश्चात मंचीय कार्यक्रम में प्रकृति शक्ति फड़ापेन गोंगो पूजन कर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विश्व आदिवासी दिवस पर अतिथियों द्वारा संबोधन, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया, सर्किल कमेटी विश्रामपुर की नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी दिया गया। वही गोंड समाज महासभा जिला बालाघाट की ओर से महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम भी जनजातियों की विभिन्न मांग समस्याओं का निराकरण हेतु ज्ञापन भी तहसीलदार को सौपा गया।
दुनिया भर के देशों को यह दिवस मानने का निर्देश दिया
उद्बोधन की श्रंखला में मुख्यातिथि श्री बी एस परतेती प्रदेश अध्यक्ष गोंड समाज महासभा मध्यप्रदेश ने 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने 1982 में एक उप आयोग का गठन किया जिसकी पहली बैठक 9 अगस्त 1982 में हुई जिसमें विश्व भर के जनजातीय समुदाय के मानवाधिकारों को लागू करने और उनके संरक्षण के संबंध में व्यापक चर्चा के बाद यह महसूस किया कि 21 वी सदी में भी विश्व के विभिन्न देशों में निवासरत जनजातीय समुदाय अपनी, उपेक्षा, गरीबी, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधा का आभाव, बेरोजगारी, बंधुआ मजदूरी जैसी समस्याओं से ग्रसित है।
उन्हें अधिकार दिलाने और उनकी समस्याओं का निराकरण भाषा, संस्कृति, इतिहास के संरक्षण के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की महासभा द्वारा 9 अगस्त 1994 में जेनेवा शहर में विश्व के जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों का प्रथम अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन किया और दुनिया भर के देशों को यह दिवस मानने का निर्देश दिया।
हमें अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार भी देने की जरूरत है
इसी कड़ी में हम सबको इस अवसर पर इस बात की चिंता है कि जनजातीय समुदाय के लिए विभिन्न विशेष संवैधानिक अधिकार, अधिनियम जैसे -वनाधिकार अधिनियम, पेसा कानून, अनुसुचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, आदि होने के बावजूद भी जनजातीय समुदाय आज भी अन्याय, अत्याचार, शोषण, अपने हक अधिकार के संघर्षरत है।
जिसके समाधान के लिए हमें प्राप्त संवैधानिक अधिकारों के साथ, अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने की जरूरत है, हमें सदैव समाज और संगठन से जुड़े रहने आवश्यक है क्योंकि संगठित समाज ही संघर्ष और अपनी सुरक्षा व सर्वांगीण विकास करता है। हमें अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार भी देने की जरूरत है।
जनजातीय समुदाय को अलग विशेष संवैधानिक अधिकार दिए गए
वही गोंडी धर्म संस्कृति साहित्य प्रकोष्ठ मप्र के प्रदेश सचिव श्री राजेन्द्र सिंह मरावी ने भी गोंडवाना साम्राज्य के महापुरुषों और उनकी वीरता, शहादत को याद करते हुए जनजातीय समुदाय की मूल पहचान गोंडी बोली भाषा, संस्कृति, संस्कार, तीज त्यौहार को जानने मानने पर जोर दिया और कहा कि यही हमारी विशिष्ट पहचान है जिसकी वजह से ही जनजातीय समुदाय को अलग विशेष संवैधानिक अधिकार दिए गए हैं। जैसे, आरक्षण, प्रतिनिधित्व, शिक्षा, रोजगार आदि में।
जिस दिन हम अपनी संस्कृति , संस्कार को छोड़ देंगे उसी दिन से हमें विशेष संवैधानिक अधिकार मिलना बंद हो जाऐंगे, फर्जी जाति प्रमाण पत्र धारी भी हमारे हकों पर डाका डाल रहे हैं, इन पर भी कार्यवाही करने की बात कही।
अंत में विधायक प्रतिनिधि श्री बलराम उइके ने अपने संबोधन में विधायक निधि से सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 15.00 लाख रुपये, सभा मंच के लिए भी राशि देने का विधायक श्री मधु भगत जी की ओर से सगा समाज को अवगत कराया। और कार्यक्रम में विशेष सहयोग देने वाले चांगोटोला सरपंच श्री प्रमोद ठाकरे ने भी सभा को संबोधित किया। वही कार्यक्रम में शामिल सभी का आभार, धन्यवाद कार्यक्रम अध्यक्ष श्री प्रहलाद सिंह सैयाम जिला अध्यक्ष बालाघाट ने और मंच का सफल संचालन गोंड समाज महासभा युवा प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री सीताराम उइके ने किया।
पदाधिकारी का विशेष योगदान रहा
राजेश तेकाम सचिव सर्किल कमेटी चांगोटोला, जिला बालाघाट ने बताया कि कार्यक्रम को सफल व भव्यता प्रदान करने में सर्किल कमेटी चांगोटोला अध्यक्ष श्री संपत सिंह सिंदराम, उपाध्यक्ष श्री अनिल भलावी, श्री लखन उइके , सचिव श्री राजेश तेकाम, श्री देवी सिंह इड़पाची, शैलू, जितेंद्र, रिंकू, आदि समस्त युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ, सर्किल कमेटी पदाधिकारी का विशेष योगदान रहा।



