Type Here to Get Search Results !

संगठन सर्वोपरि, अनुशासनहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई-राजाबली मरावी

संगठन सर्वोपरि, अनुशासनहीनता पर होगी कड़ी कार्रवाई-राजाबली मरावी

देवरावेन भलावी असंतुष्ट होकर सार्वजनिक रूप से पार्टी विरोधी बयान दे रहे हैं

्देवरावेन भलावी पूर्व जिला अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी 


छिन्दवाड़ा। गोंडवाना समय।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी  ने छिन्दवाड़ा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवरावन भलावी द्वारा सार्वजनिक रूप से की जा रही कथित पार्टी विरोधी बयानबाजी को गंभीरता से लिया है। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर प्रदेश कमेटी को तत्काल इस प्रकरण के निराकरण के निर्देश जारी किए गए हैं। 

अपनी विचारधारा से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं करेगी 


मध्यप्रदेश गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश महासचिव राजाबली मरावी ने छिन्दवाड़ा जिला इकाई में चल रहे विवाद पर पार्टी का पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि छिन्दवाड़ा सहित तीन जिलों में किए गए संगठनात्मक परिवर्तन पूर्व निर्धारित थे।
                 इन्हें किसी विशेष घटना से जोड़कर प्रचारित किया जाना पूर्णत: असत्य और भ्रामक है। उन्होंने कहा कि पार्टी सदैव जल, जंगल, जमीन तथा दलित, आदिवासी, पिछड़ा और मुस्लिम समाज के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और अपनी विचारधारा से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं करेगी। 

पार्टी प्रारंभ से ही सांप्रदायिकता के विरुद्ध रही है


पार्टी प्रारंभ से ही सांप्रदायिकता के विरुद्ध रही है। तेलंगाना के नेता टी राजा द्वारा आदिवासी बहुल जिले छिन्दवाड़ा में दिए गए कथित सांप्रदायिक भाषण का पार्टी ने पुरजोर विरोध किया था। उस संबंध में जिला इकाई द्वारा सौंपा गया ज्ञापन पार्टी का अधिकृत कार्यक्रम था, न कि किसी व्यक्ति विशेष का निजी आयोजन। राजाबली मरावी ने आगे कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है, जो अपने संविधान, नियमों और अनुशासन के आधार पर संचालित होती है, न कि किसी अन्य दल के इशारे पर। 

भूमिका में संगठनात्मक परिवर्तन किया गया

संगठन में समय-समय पर परिवर्तन होना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है और प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह पार्टी के दिशा-निदेर्शों का अनुशासित पालन करें। पूर्व जिलाध्यक्ष देवरावन भलावी के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें विभिन्न संगठनात्मक दायित्व सौंपे और पिछले दो वर्षों में दो बार विधानसभा तथा एक बार लोकसभा चुनाव लड़ने का अवसर भी प्रदान किया। किंतु अपेक्षित सफलता न मिलने के कारण उनकी भूमिका में संगठनात्मक परिवर्तन किया गया। 

तो निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी 

बताया गया कि इसी से असंतुष्ट होकर वे सार्वजनिक रूप से पार्टी विरोधी बयान दे रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है। गोंगपा प्रदेश महासचिव ने स्पष्ट किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पार्टी की गरिमा को ठेस पहुंचाना अक्षम्य है। इस संबंध में देवरावन भलावी तथा उनके साथ कथित रूप से पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त अन्य पदाधिकारियों को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। यदि संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं होता है तो निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.