डॉ. अंबेडकर जयंती पर सिवनी में जिला स्तरीय कार्यक्रम 14 अप्रैल को आयोजित
प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा अंबेडकर जयंती समारोह में होंगे शामिल
छात्रावास एवं आश्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विशेष भोजन उपलब्ध कराया जाएगा
जनजातीय कार्य विभाग सिवनी के तत्वाधान में होंगे विभिन्न आयोजन
सिवनी। गोंडवाना समय।
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2026 को जिला मुख्यालय सिवनी स्थित महारानी लक्ष्मी बाई कन्या विद्यालय में दोपहर 12 बजे से जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन के राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। साथ ही विधायकगण सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी।
8 अप्रैल से किये जा रहे जागरूकता कार्यक्रम
सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा बताया गया कि 8 से 14 अप्रैल 2026 तक अंबेडकर जयंती सप्ताह के अंतर्गत जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके योगदान, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विषयों पर वाचन, भजन एवं गीत प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
14 अप्रैल को ग्राम सभा का होगा आयोजन
उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को जिले के प्रत्येक ग्राम में ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा तथा छात्रावास एवं आश्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विशेष भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सिवनी को नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विभिन्न अधिकारियों को विकासखण्ड स्तर पर दायित्व सौंपे गए हैं, जिससे सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावी रूप से संपन्न हो सकें।
प्रभारी मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे
मध्य प्रदेश शासन के राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा मंगलवार 14 अप्रैल को सिवनी जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान मंत्री श्री वर्मा संविधान निमार्ता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।
प्राप्त अधिकृत कार्यक्रम अनुसार प्रभारी मंत्री श्री वर्मा 14 अप्रैल को प्रात: 06:20 बजे पातालकोट एक्सप्रेस द्वारा सिवनी पहुँचेंगे। स्थानीय विश्राम गृह में कुछ समय रुकने के पश्चात, वे दोपहर 12 बजे शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिवनी के परिसर में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में भाग लेंगे। कार्यक्रम में सहभागिता के उपरांत, मंत्री श्री वर्मा नरसिंहपुर जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। वहाँ से वे सायं 06:30 बजे श्रीधाम एक्सप्रेस से वापस भोपाल के लिए रवाना होंगे।


