Type Here to Get Search Results !

लोधी वर्मा ने उइके गोंड बनकर खरीदा अदिवासी की जमीन

लोधी वर्मा ने उइके गोंड बनकर खरीदा अदिवासी की जमीन

सिवनी उप पंजीयक में हुई रजिस्ट्री, 24 वर्षों से भटक रहा आदिवासी परिवार 

भूमाफियाओं को आदिवासियों की जमीनों को लूटने की मिली खुली छूट

सिवनी। गोंडवाना समय। 

भूमाफियाओं को आदिवासी बाहुल्य सिवनी जिले में आदिवासियों की जमीनों की खुली लूट और डकैती डालने का संरक्षण उप पंजीयक कार्यालय सिवनी से लेकर राजस्व विभाग के द्वारा दिया जा रहा है इसके चलते भूमाफियाओं के हौंसले बुलंद है।
        


कलेक्टर कार्यालय से आदिवासी की जमीनों की गैर आदिवासियों को खरीदने की अनुमति दिये जाने में भी नियमों को कुचलने का खेला खुलकर किया जा रहा है। सिवनी जिले में कब्जा के आधार पर ही आदिवासी की जमीन गैर आदिवासी के नाम पर चढ़ गई है।
            ऐसे अनेक प्रमाण आदिवासियों की जमीनों के मामले है जहां पर आदिवासियों की जमीनों को भूमाफियाआें ने लूट लिया है इसके प्रमाण होने के बाद भी पीड़ित आदिवासियों को न्याय नहीं मिल पाया है। सिवनी जिले में तो अंधेरनगरी का ऐसा आलम है कि अशोक वर्मा जो कि लोधी समाज से आते है उन्होंने राजकुमार उइके गोंड जनजाति के सदस्य बनकर जमीन की रजिस्ट्री करा लिया है।
            यह सामान्य ब्लॉक में नहीं अधिसूचित क्षेत्र कुरई ब्लॉक में हुआ है। इसके लिये हालांकि पीड़ित आदिवासी परिवार व प्रभावित परिवार ने राजस्व न्यायालय की चौखट में 170 ख के तहत न्याय पाने की कोशिश किया है लेकिन गांधी छाप चश्में के कारण वहां भी न्याय नहीं मिल पाया है।
                सिवनी जिले में राजस्व न्यायालय में 170 ख के तहत के तहत प्रकरणों के लिये सम्माननीय न्यायाधीशों को भी प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है। सामाजिक संघठन और आदिवासी जनप्रतिनिधियों का ध्यान और संज्ञान लेने में कोई रूची नहीं दिखा रहे है यही कारण है कि आदिवासी की जमीनों की खुलेआम लूट खसोट भूमाफियओं के द्वारा की जा रही है। 

अशोक वर्मा लोधी ने राजकुमार उईके गोंड बनकर कराया रजिस्ट्री


हम आपको बता दे कि सिवनी जिले के अधिसूचित क्षेत्र कुरई ब्लॉक में मौजा पोतलई, रा.नि.मं. कुरई में लगभग ढाई एकड़ यानि 98 हेक्टेयर जमीन जो कि संतलाल पिता फागू गोंड के नाम पर राजस्व रिकार्ड में दर्ज थी जिसे सूरज वर्मा लोधी के रिश्तेदार अशोक वर्मा लोधी जाति के सामान्य वर्ग के व्यक्ति ने राजकुमार उइके जाति गोंड बनकर वर्ष 23 दिसंबर 2002 को उप पंजीयक कार्यालय सिवनी में फर्जी रजिस्ट्री कराया था। अशोक वर्मा की बकायदा रजिस्ट्री में राजकुमार उइके के नाम पर फोटो भी लगाई गई है। उक्त फोटो अशोक वर्मा की है, उक्त जमीन पर खेती में अवैधानिक रूप से कब्जा करके लगभग 26 वर्षों से सूरज लोधी खेती किसानी करके अब लाखों रूपये कमा चुका है। 

सूरज लोधी के फर्जीवाड़ा को हमेशा संरक्षण मिलता रहा 

अधिूसचित ब्लॉक कुरई के ग्राम पोतलई में आदिवासी की जमीन को वास्तविक आदिवासी की जमीन में लाभ कमाने वाला सूरज पिता भुवनलाल लोधी की पोल तब खुली जब उक्त संतलाल गोंड की जमीन को वास्तविक आदिवासी रतन सा पिता बतरसा निवासी पोतलर्ई ने 18 मार्च 2013 को क्रय करने के बाद उसका नामांतरण के लिये तहसील कार्यालय कुरई में लगाया। वहां पर नामांतरण की आपत्ति भी सूरज लोधी के द्वारा राजकुमार उइके के नाम पर लगाया गया। जिसे तहसील कार्यालय में स्वीकार भी कर लिया गया। आदिवासी की जमीन के मामले में सूरज लोधी के फर्जीवाड़ा को हमेशा संरक्षण मिलता रहा। 

 रजिस्ट्री में अशोक वर्मा की फोटो लगाई गई है 

सूरज लोधी निवासी ग्राम पोतलई ने अपने रिश्तेदार अशोक वर्मा को राजकुमार उइके गोंड बनाकर फर्जी रजिस्ट्री कराया था। उसके दस्तावेजों के वास्तविक दस्तावेजों को ग्राम पंचायत राजलवाड़ी, तहसील कुरई से जब जांच कराई गई तक पूरे गांव में राजकुमार उइके गोंड जनजाति वर्ग का व्यक्ति नहीं मिला लेकिन रजिस्ट्री में राजकुमार उइके के नाम के फर्जी दस्तावेज सूरज लोधी के द्वारा तैयार करवाकर लगवाये गये थे। रजिस्ट्री में अशोक वर्मा की फोटो लगाई गई है लेकिन नाम राजकुमार उइके का लिखा हुआ है। इसी आधार पर उप पंजीयक कार्यालय में रजिस्ट्री भी कराई गई थी। 

170 ख में आदिवासियों को क्यों नहीं मिल रहा न्याय

सिवनी जिले में आदिवासियों की जमीनों को गैर आदिवासियों के द्वारा अवैधानिक रूप से कब्जा करने, धोखाधड़ी करके खरीदने, फर्जी तरीके से कलेक्टर कार्यालय से अनुमति लेने एवं अन्य तरीके से आदिवासी की जमीन हड़पने, लूटने के मामलों में आदिवासियों के लिये न्याय पाने के लिये बने 170 ख का अधिकार के तहत आखिर न्याय क्यों नहीं मिल पा रहा है। राजस्व न्यायालयों में 170 ख के प्रकरणों में आदिवासियों को राहत न मिलकर गैर आदिवासियों को न्याय मिल रहा है। आदिवासियों के प्रकरणों को खारिज किया जा रहा है। आदिवासी अपनी जमीन बचाने के लिये प्रमाण दे कर थक चुका है लेकिन न्याय की उम्मीद पर पानी ही फिर रहा है। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.