Type Here to Get Search Results !

कर्ज लिया नहीं और किसान बन गए कर्जादार

कर्ज लिया नहीं और किसान बन गए कर्जादार

कर्ज लेकर चुकाने  वालों का नाम भी कर्जदार की लिस्ट में 

सिवनी। गोंडवाना समय। 
कांग्रेस सरकार की कर्जमाफी योजना के बाद खंगाले जा रहे दस्तावेज में बैंकों द्वारा की गई गड़बड़ी के जिन्न अब सामने आने लगे हैं। हर एक सहकारी व अन्य बैंकों में बड़ी संख्या में ऐसे किसानों को कर्जदार बना दिया है जिन्होंने आज तक कोई कर्ज लिया तक नहीं है। इसके अलावा कर्ज पटाने वाले किसानों का नाम भी कर्ज बकाया सूची में आ गया है। मांगलवार को कुरई क्षेत्र की पीपरवानी सहकारी समिति में कर्जमाफी की लिस्ट देखने के बाद  क्षेत्र के किसानों ने बैंक की गड़बड़ी पर कलेक्टर को शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

दो दर्जन किसानों के नाम 

पीपरवानी सहकारी समिति द्वारा चस्पा की गई सूची में दो दर्जन से अधिक ऐसे किसानों के नाम हैं जिन्होंने ऋण लिया ही नही है या ऋण लेने के बाद उसे चुका दिया है। ऋण चुकाने की रसीद भी किसानों के पास उपलब्ध है। इसके बावजूद उनका नाम लिस्ट में जोड़ दिया गया है। ऐसे किसानों में आकोश व्याप्त है। इन किसानों का कहना है कि जब उन्होंने ऋण लिया ही नही है तो फिर उनका नाम सूची में क्यों दशार्या जा रहा है।

इन किसानों के नाम शामिल 

सहकारी समिति पीपरवानी अंतर्गत पाटन और मुरझोर गांव के अनेक किसानों के नाम कर्ज माफी की लिस्ट में शमिल हैं। जिन्होंने कर्ज नहीं लिया है। इनमें पाटन के दिनेश पिता दौलतराम, नरेश पिता पूनाराम, लोकराम पिता बिठोवा, सतीश पिता दौलतराम, मनीराम पिता चिंदिया, अमृतलाल, ढोंढू, सुखदास, जमना प्रसाद, बालकराम, कन्हैया, परसराम, उमेश व मुरझोर गांव के सूरजलाल, तुलसीराम, रमसुला बाई, शिवप्रसाद, रामप्रसाद, रंगीलाल, चुन्न्ीलाल, सम्पत राय व भैयालाल शामिल हैं। इन किसानों का कहना है कि जल्द ही सूची में गलत  नाम चढ़ाने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।

दो कट्टी धान अतिरिक्त लेने के आरोप 

कर्ज माफी में गड़बड़ी की शिकायत के अलावा इन किसानों ने पीपरवानी सहकारी समिति के सेल्समेन व प्रबंधक पर दो कट्टी धान अतिरिक्त लेने के आरोप लगाए हैं। किसानों ने शिकायत में बताया है कि सौ कट्टी धान होने पर उनसे दो कट्टी धान अतिरिक्त ली गई है। किसान धान की तुलाई भी कराई गई है। हम्माल की कोई व्यवस्था नहीं करने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। किसानों ने समिति प्रबंधक व सेल्समेन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग कलेक्टर से की है।

इनका कहना

मैंने समिति से कभी कोई कर्ज नहीं लिया है। इसके बाद भी कर्ज माफी की जारी की गई लिस्ट में मेरा नाम शामिल है। गड़बड़ी करने वालों पर जल्द
कार्रवाई होनी चाहिए।
उमेश अंबागढ़े, पाटन
मैंने समिति से कर्ज लिया था। समय पर कर्ज की राशि का भुगतान कर दिया गया है। इसकी रसीद भी मेरे पास है। इसके बावजूद सूची में नाम जोड़कर बड़ी गड़बड़ी की गई है।
दिनेश, पाटन
कर्ज की राशि का भुगतान करने के बाद ही जारी की गई सूची में मेरा नाम जोड़ा गया है। जल्द ही सुधार नहीं हुआ तो पीड़ित किसान आंदोलन कर सकते हैं। गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
सूरजलाल कोकड़े, मुरझोर
कर्ज की राशि को बढ़ाकर सूची में दशार्या गया है। मैंने 22 हजार का कर्ज लिया था। इसकी जगह चस्पा की गई सूची में 47587 रुपए दर्शाए गए हैं। गड़बड़ी करने वालों पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए।
जमना प्रसाद, पाटन 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.