Type Here to Get Search Results !

पानी की किल्लत फिर भी शहर में धड़ल्ले से चल रहे निर्माण कार्य

पानी की किल्लत फिर भी शहर में धड़ल्ले से चल रहे निर्माण कार्य

सैकड़ों की संख्या में शहर में चल रहे निर्माण कार्य

सिवनी। गोंडवाना समय।
बारिश कम होने से इस बार पानी की किल्लत है और गर्मी में पानी को लेकर ग्रामीण क्षेत्र ही नहीं बल्कि शहर में भी मारामारी होगी बावजूद शहर में चल रहे निर्माण कार्यो पर अभी तक रोक नहीं लगाई गई है। बेखौफ और बड़ी संख्या में निर्माण कार्य चल रहा है और उसमें पीने का पानी तराई के रूप में  व्यर्थ बहाया जा रहा है। कई निर्माण कार्य तो नपा के अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत से बिना अनुमति के हो रहे हैं। शहर के हर एक वार्ड में निर्माण कार्य चल रहे हैं। कई निर्माण कार्य तो नाले के ऊपर तक पहुंच रहे हैं लेकिन नगरपालिका कार्रवाई करने की बजाय उन पर मेहरबान बनी हुई है।

24 वार्ड 250 से ज्यादा निर्माण कार्य-

नगरपालिका परिषद सिवनी में  तकरीबन 24 वार्ड मौजूद हैं जिनमें 250 से ज्यादा निर्माण कार्य चल रहे हैं। स्वीकृति 50 प्रतिशत लोगों ने ही ली है। हर वार्ड में 10 से 15 पक्के मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। कोई प्लंथ स्तर से निर्माण कार्य कर रहा है तो कोई मकान के ऊपर तोड़कर नगरपालिका से परमिशन लिए बिना चोरी-छिपे निर्माण कार्य कर नगरपालिका के राजस्व को चपत लगा रहा है। सूत्र बताते हैं कि निर्माण कार्यो की जानकारी नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारियों को बकायदा होती है लेकिन वे मकान मालिकों से कर से कम राशि लेकर अपनी जेब गर्म कर ले रहे हैं। यही वजह है कि नगरपालिका में  मौजूद निर्माण शाखा के अधिकारी-कर्मचारी शहर में कितने मकान निर्माण की स्वीकृति  ली गई है उसी जानकारी देने में रोड़ा अड़ाते रहते हैं।

नाला की दीवार पर काम्पलेक्स निर्माण-

नगरपालिका परिषद की लापरवाही की वजह से शहर भर में नाले के ऊपर भी निर्माण कार्य हो चुके हैं और लगातार हो रहे हैं। ऐसा ही हाउसिंगबोर्ड कालोनी के पास देखा जा सकता है जहां पुराने आरटीओ के पास रहने वाले एक व्यक्ति  द्वारा नाले की दीवार से सटकर काम्पलेक्स निर्माण किया जा रहा है और उसका रास्ता भी नाले के ऊपर से ही जाएगा। यानी साफ है कि जो नाला अभी  खूला हुआ है उसे दुकान में आवाजाही के लिए बंद कर दिया जाएगा। सबसे खास बात तो यह है कि दुकान बनने के बाद पार्किंग  के  लिए भी कोई जगह नहीं है सड़क पर वाहन खड़े किए जाएंगे जिससे निश्चिततौर पर लोगों को परेशानियां होगी। नगरपालिका परिषद को इस मामले को लेकर अभी से ही गंभीरता लेना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.