Type Here to Get Search Results !

रजा उत्सव के अंतिम दिन भी चित्रकारों में रहा खासा उत्साह

रजा उत्सव के अंतिम दिन भी चित्रकारों में रहा खासा उत्साह

3 दिवसीय रजा उत्सव का हुआ समापन  

मंडला। गोंडवाना समय। 
रविवार को 3 दिवसीय रजा उत्सव का समापन हो गया हम आपको बता दे कि 22 फरवरी को विश्वप्रसिद्ध चित्रकार सैयद हैदर रजा की 97 वीं जयंती पर 3 दिवसीय रजा उत्सव की शुरूआत रपटा घाट में हुई थी । जिसका रविवार को समापन हो गया, रजा उत्सव की रपटा घाट में शुरूआत के पूर्व स्थानीय बिंझिया स्थित कब्रिस्तान में हैदर रजा की कब्र पर कलेक्टर जगदीश चन्द्र जटिया, रजा फाउण्डेशन के सदस्यों के साथ-साथ उनके चाहने वालों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए थे। रजा उत्सव में चित्रकला कार्यशाला एवं माटी के रंग के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रजा उत्सव की शुरूआत मण्डला लोकसभा क्षेत्र के सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद श्रीमती सम्पतिया उइके व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शुक्ला ने गमले पेंट कर की थी। इसमें बाहर से आये मेहमान कलाकारों ने कैनवास पर अपनी कल्पना को साकार रूप देते हुए महान चित्रकार सैयद हैदर रजा को याद किया।

कला प्रेमियों की के तीन दिवसीय रजा उत्सव में बड़ी तादात में रही उपस्थिति 

चित्रकला कार्यशाला एवं माटी के रंग में स्थानीय लोगों ने भी बड़ी तादाद में अपनी उपथिति दर्ज कराई। मिटटी के दिए स्थित अन्य सामग्री बनाने में बच्चों ने खासी रूचि दिखाई। बच्चों के साथ-साथ बड़ो ने भी मिटटी की चीजे निर्मित करने का तरीका सीखा और चक्र पर हाथ आजमाया। बच्चों ने आर्ट पेपर पर चित्रकारी की।
मिटटी के दिए, गुल्लक, गमलों में सभी आयु वर्ग के लोगों के चित्रकारी की। चित्रकला कार्यशाला एवं माटी के रंग के अलावा शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। रजा उत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक संध्या में विनय श्रीवास्तव ने (तबला वादक), दिवाकर दत्त पाण्डे (माउथ आर्गन) व चिराग उइके (ढोलक) में अपनी प्रस्तुति दी। आदित्य एवं चैतन्य ताम्बे द्वारा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया गया। चारू शुक्ला उपशास्त्रीय गायन प्रस्तुत किया। सोनसाय बैगा- बैगा नृत्य समूह द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई। रजा उत्सव के दूसरे दिन काश्वी आर्य, अदिति हरदहा, अवनि पटैल, श्रुति श्रीवास्तव, अन्वेषा जैन, एन्जल कुकरेजा व अपराजिता चैहान द्वारा समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया। अदिति हरदहा, रानी चन्द्रौल, सपना सोनी एकल नृत्य प्रस्तुत किया। रजा उत्सव में सुप्रसिद्ध पण्डवानी गायिका श्रीमती रितु वर्मा विशेष प्रस्तुति दी। अपनी खास शैली में महाभारत कथा का गायन कर उन्होंने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान कलेक्टर जगदीश चन्द्र जटिया खास तौर से उपस्थित थे।

पण्डवानी गायिका रितु वर्मा ने बांधा शमा 

रजा उत्सव के तीसरे व अंतिम दिन भी चित्रकारों में खासा उत्साह नजर आया। रपटा घाट में छोटे-बड़े सभी मिटटी के वर्तन बनाना सीखते और चित्रकारी करते नजर आये। लोगों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रजा उत्सव के विधिवत समापन के बाद भी लोग चित्रकारी करते रहे। रजा उत्सव के समापन के दौरान रजा फाउण्डेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे ने बताया कि रजा फाउण्डेशन के प्रबंध न्यासी एवं हिंदी के वरिष्ठ कवि अशोक वाजपेयी चाहते है कि मंडला में स्थानीय कलाकारों के लिए रजा  फाउण्डेशन की गतिविधियां बढ़े। हम मंडला में अपनी गतिविधियों और तेज करेगा। हर माह कोई न कोई कार्यक्रम आयोजित करने का प्रयास किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने माँ रेवा सेवा महाआरती समिति, नगर पालिका परिषद, जिला प्रशासन, मीडिया सहित 3 दिवसीय रजा उत्सव में शामिल सभी चित्रकारों, कलाकारों व आम लोगों का आभार जताया। रजा फाउण्डेशन ने रजा उत्सव को सफल बनाने में उल्लेखनीय भूमिका का निर्वाहन करने वालों को शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रजा फाउण्डेशन के सदस्य सचिव संजीव चौबे, श्री अखिलेश, योगेंद्र त्रिपाठी, गजेंद्र सोनी आशीष कछवाहा, मनोज द्विवेदी आदि का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.