Type Here to Get Search Results !

नई पीढ़ी को सक्षम बनाती आई.टी. क्रांति राजीव जी की देन-कमल नाथ

नई पीढ़ी को सक्षम बनाती आई.टी. क्रांति राजीव जी की देन-कमल नाथ 

भोपाल। गोंडवाना समय।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी ने बदलते विश्व के साथ नई पीढ़ी को सक्षम बनाने के लिए आई.टी. के क्षेत्र में क्रांति पैदा की। इसके लिये पूरा देश उन्हें जीवन पर्यन्त याद रखेगा। मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ मंगलवार को यहां हबीबगंज थाने के समीप स्थित स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की आदमकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पुष्पांजलि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि मुझे याद है जब राजीव जी ने आई.टी. के क्षेत्र में भारत को विश्व के विकसित देशों के साथ सक्षम बनाने की शुरूआत की थी। तब उन लोगों ने इस बात का विरोध किया था, जो आज डिजीटल इंडिया का श्रेय ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ने वर्ष 1984 में जो शुरूआत की
थी, उसका नतीजा है कि आज देश में सूचना प्रौद्योगिकी का गांव-गांव में विस्तार हुआ है, सेलफोन वहाँ तक पहुँचे हैं। हमारी नई पीढ़ी इंटरनेट की दुनिया से जुड़ी है।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को बदलते विश्व में ज्ञान से जोड़ने की शुरूआत कर राजीव जी ने दूरदृष्टि का परिचय दिया था। मुख्यमंत्री श्री नाथ ने कहा कि राजीव जी ने देश को सद्भावना और न्याय के रास्ते पर ले जाने की मुहिम उस समय शुरू की थी, जब देश कई चुनौतियों से जूझ रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे देश की सद्भावना और न्याय व्यवस्थाओं को आघात पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन इसकी जड़ें इतनी मजबूत हैं कि कोई भी कोशिश कामयाब नहीं होगी। कार्यक्रम में जनसम्पर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, गणमान्य नागरिक और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.