Type Here to Get Search Results !

रबी खरीद व्यवस्था में माइक्रो स्तर के प्रबंधन पर ध्यान दें-मुख्य सचिव

रबी खरीद व्यवस्था में माइक्रो स्तर के प्रबंधन पर ध्यान दें-मुख्य सचिव 

खरीद केन्द्रों पर कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश

भोपाल। गोंडवाना समय।
मुख्य सचिव श्री एम. गोपाल रेड्डी ने कहा है  कि रबी खरीद व्यवस्था के लिये माइक्रो स्तर पर बेहतर प्रबंधन पर ध्यान दिया जाये। श्री रेड्डी आज मंत्रालय में रबी खरीद की समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने खरीदी व्यवस्था में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के आवश्यक उपाय करने के भी निर्देश दिये। श्री एम. गोपाल रेड्डी ने समीक्षा बैठक में संभाग स्तर पर भण्डारण क्षमता, बारदाना तथा सायलो बैग्स की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था, नाफेड आपूर्ति तथा आॅनलाईन भुगतान व्यवस्था की बिन्दुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भण्डारण प्रक्रिया में अनिश्चित मौसम भी चुनौतीपूर्ण रहेगा। इस बात को ध्यान में रखकर व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। मुख्य सचिव ने कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिये खरीद केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों को संक्रमण से बचाने के लिये जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया। बैठक में प्रमुख सचिव खाद्य-नागरिक आपूर्ति श्री शिव शेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव सहकारिता, श्री उमाकांत उमराव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

श्री एम. गोपाल रेड्डी मुख्य सचिव नियुक्त

राज्य शासन ने श्री एम. गोपाल रेड्डी को मुख्य सचिव नियुक्त किया है। उन्होंने आज मुख्य सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1985 बैच के श्री रेड्डी का जन्म 1960 में हुआ। संयुक्त आंध्र प्रदेश और वर्तमान में तेलंगाना के मूल निवासी श्री रेड्डी ने मेकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. किया। उन्होंने सहायक कलेक्टर सागर के रूप में 1986 में अपने कैरियर की शुरूआत की। उन्होंने प्रशासक, नगर निगम जबलपुर, कलेक्टर छिन्दवाड़ा, खरगोन तथा इंदौर का दायित्व सम्हाला। श्री रेड्डी ने 1995 से 1996 तक संचालक, जनसम्पर्क रहने के अलावा आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, आयुक्त उद्योग के रूप में भी अपनी सेवाएँ दीं। भारत सरकार में संयुक्त सचिव, गृह और अतिरिक्त सचिव, गृह के दायित्व का भी निर्वहन किया। वर्तमान में श्री रेड्डी अपर मुख्य सचिव, जल-संसाधन के पद पर कार्यरत थे।

नोवल कोरोना वायरस संक्रमण रोकने करेंगे वीडियो कॉन्फ्रेंस 

मुख्य सचिव श्री एम.गोपाल रेड्डी प्रदेश में नोवल कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिये की जा रही तैयारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 18 मार्च को अपरान्ह 4 बजे समीक्षा करेंगे। वीडियो कॉन्फ्रेंस में सभी सभागायुक्त, जिला कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आयुक्त नगर निगम, पुलिस महानिरीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक, होमगार्डस कमॉडेन्ट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन भाग लेंगे।   

बंद रहेंगे संग्रहालय और स्मारक परिसर

कोरोना वायरस की समस्या को देखते हुए मध्यप्रदेश स्थित सभी पुरातत्व संग्रहालय और राज्य संरक्षित स्मारक आगामी आदेश तक बंद रहेंगे। संग्रहालयों और स्मारकों में दर्शकों का प्रवेश पूर्णत: बंद रहेगा। आयुक्त पुरातत्व श्री पंकज राग ने संग्रहालयों और स्मारकों के अधिकारियों-कर्मचारियों को इस संबंध में निर्देशित किया है। इन संग्रहालयों और स्मारकों के समस्त स्टॉफ को कर्त्तव्य पर यथावत उपस्थित रहने को कहा गया है। नोवल कोरोना वायरस की समस्या को देखते हुए मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय को आगामी आदेश तक बंद रखे जाने का निर्णय लिया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस दौरान संग्रहालय में दर्शकों का प्रवेश बंद रखा जायेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.