मुजाहिद व विजयंत की बस को मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र प्रतिबंधित मार्ग पर परिवहन विभाग ने किया जप्त
महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश व मध्य प्रदेश से महाराष्ट अनावश्यक रूप से कर रहे थे आवागमन
सिवनी। गोंडवाना समय।
बीते दिनों ही दो बसों को आरटीओ द्वारा कार्यवाही करते हुये पकड़ा गया था। इसके बाद भी बस संचालकों के हौंसले बुलंद है।
महाराष्ट्र एवं मध्य प्रदेश के बीच अंतर राज्य बस परिवहन सेवा बंद किए जाने संबंधी निदेर्शों के उपरांत भी उक्त मार्ग पर बसों के संचालन की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नागपुर एवं सिवनी के मध्य 5 अप्रैल 2021 को परिवहन करते पाए जाने पर बस वाहन क्रमांक एमपी-15 पीए-3644 (विजयंत) एवं एमपी 18 पी 0470 (मुजाहिद) को जब्त किया जाकर परिवहन कार्यालय के कैंपस में खड़ा किया गया है। उक्त बसों में परिवहन कर रहे यात्रियों को अन्य साधन से गंतव्य की ओर रवाना किया गया ।
खबासा चैक पोस्ट से 80-90 दोपपहिया तथा चारपहिया वाहन को किया गया वापस
महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश एवं मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र अनावश्यक रूप से आवागमन करने वाले लगभग 80-90 दोपहिया तथा चारपहिया वाहन को जिले में प्रवेश से तथा जिले से बाहर जाने से रोका गया। कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर कुल रू 2400/- की चालानी कार्यवाही की गयी।
महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश की सीमा चौकी खवासा चेकपोस्ट में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार प्रतीक, श्रीमती सोनल मरावी, तहसीलदार श्री गौरीशंकर शर्मा, नायब तहसीलदार श्री नितिन पटेल, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा सिवनी से नागपुर एवं नागपुर से सिवनी की ओर आने जाने वाले वाहनों की जांच की गयी । जांच के दौरान अनावश्यक रूप से आवागमन करने वाले लगभग 80-90 दोपहिया तथा चारपहिया वाहन को वापस किया गया। कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन करने पर कुल रू 2400/- की चालानी कार्यवाही की गयी।