Type Here to Get Search Results !

बड़ादेव ठाना, राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा पर तोड़फोड़ करने वालों पर कार्यवाही नहीं होने से बढ़ रहा जनजातियों का आक्रोश

बड़ादेव ठाना, राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा पर तोड़फोड़ करने वालों पर कार्यवाही नहीं होने से बढ़ रहा जनजातियों का आक्रोश 

दलसागर तालाब में सौंदर्यीकरण व राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा के नाम पर जनप्रतिनिधि व प्रशासन द्वारा गुमराह करने के लगाये आरोप 


सिवनी। गोंडवाना समय। 

जनजाति वर्ग पर निरंतर बढ़ रहे अन्याय, अत्याचार, शोषण के साथ साथ जनजाति वर्ग के गौरव राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा व बड़ादेव ठाना धार्मिक स्थल में भी अपमानजनक कृत्य किया जा रहा है जिसके कारण जनजाति वर्ग की आस्था, विश्वास पर कुठाराघात किया जा रहा है यही कारण है कि अपना कार्य छोड़कर धरना, प्रदर्शन, आंदोलन के लिये जनजाति वर्ग को शहर में एकत्रित होकर भाजपा की सरकार, शासन, प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलकर विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
            


जिला मुख्यालय सिवनी में स्थित दलसागर तालाब में गोडवाना साम्राज्य के राजा दलपतशाह जी की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ करने व आदिवासी वर्ग की भावनाओं को आहत करने वालों पर दंडात्मक कानूनी कार्यवाही किये जाने सहित अन्य मांगों को लेकर 5 जनवरी 2023 दिन गुरूवार को सामुहिक रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग के संयुक्त मोर्चा सिवनी जिला सिवनी मध्यप्रदेश द्वारा कार्यक्रम स्थल दलसागर चौपाटी से पंक्तिबद्ध होकर रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय सिवनी पहुंचकर महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
                 

इस दौरान अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक समुदाय के सगाजन सामुहिक रूप से मौजूद रहे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से कार्यक्रम के समापन तक मौजूद रहा। वहीं कार्यक्रम स्थल सहित रैली के रूप में जनजाति समुदाय का आक्रोश जिला प्रशासन के खिलाफ स्प्ष्ट रूप से नारों के शब्दों में दिखाई व सुनाई दिया। 

राजा दलपत शाह जी के नाम पर झूठी वाहवाही लूटने का जनप्रतिनिधियों व प्रशासन पर लगाया आरोप 


दलसागर चौपाटी में राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा पर तोड़फोड़ करने वालों पर कार्यवाही की मांग के दौरान सभामंच से अनेक वक्ताओं ने दलसागर तालाब में सौंदर्यीकरण, राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा को स्थापित किये जाने के लिये स्वीकृत राशि, कार्ययोजना को समाचार पत्रों में, भाषणों में देकर भ्रामक जानकारी से वाहवाही लूटी जा रही है।
                वहीं आदिवासी समाज को भी गलत जानकारी देकर गुमराह किया जा रहा है जबकि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष सहित अधिकारियों का कहना है कि दलसागर तालाब में सौंदर्यीकरण व राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा के नाम पर मात्र 20 लाख रूपये की राशि ही नगर पालिका में है इसके अलावा कोई बजट या राशि नहीं है। वहीं कोई 1 करोड़ 45 लाख, तो कोई 8 करोड़ की जानकारी देकर जनजाति समुदाय को गुमराह करने का कार्य कर रहे है। इसकी वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के लिये संयुक्त मोर्चा का प्रतिनिधिमण्डल कलेक्टर से आगामी 1 सप्ताह के अंदर प्राप्त करेगा। 

पुन: कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया


ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि सिवनी शहर के हृदयस्थल दलसागर चौपाटी में 15 नवंबर 2022 बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर गोंडवाना साम्राज्य के राजा दलपतशाह जी की प्रतिमा चौपाटी सिवनी में स्थापित की गई जिसे असामाजिक तत्वों द्वारा पिछले एक माह पूर्व प्रतिमा को अपमानित करने के आशय से क्षतिग्रस्त कर संपूर्ण अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग की भावनाओं को आहत किया गया जिस पर समाज के लोगों द्वारा घटना की तत्काल सूचना देते हुए प्रशासन के खिलाफ समुचित कार्यवाही नहीं करने तथा प्रतिमा की सुरक्षा को लेकर कोताही बरतने पर निंदा प्रस्ताव पास कर दोषियों पर शीघ्र कार्यवाही करने एवं प्रतिमा की सुरक्षा हेतु समुचित व्यवस्था किये जाने का ज्ञापन सौंपकर मांग की गई थी किंतु प्रशासन द्वारा उक्त ज्ञापन में की गई मांगो पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गये, इस कारण दिनांक 03 जनवरी 2023 को पुन: कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अज्ञात लोगों ने हम बहुजन मूल निवासियों की भावनाओं को आहत करने के आशय से दलसागर चौपाटी सिवनी में स्थित राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। 

जिसके कारण सारे समाज में रोष व्याप्त है तथा हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है 


जिसके कारण सारे समाज में रोष व्याप्त है तथा हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हुई है और जिला प्रशासन हाथ पर हाथ धरे मूकदर्शक बना हुआ है तथा जिले की अमन और शांति में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है तथा भाईचारा खराब हो रहा है। इसके बावजूद भी पुलिस प्रशासन प्रतिमा खंडित करने वालों को ना पकड़ पा रही है, ना चिन्हित कर पा रही है ना ही प्रतिमा की चाक चौबंद सुरक्षा कर पा रही है, ना ही पुलिस व्यवस्था और ना ही सी.सी.टी.वी. कैमरे लगा पा रही है।
        

ऐसी स्थिति में दिनांक 05 जनवरी 2023 को एक दिवसीय धरना देकर पूरे समाज के लोग उक्त घटना की निंदा करते हुए अपनी निम्नलिखित मांगो का ज्ञापन आपके समक्ष प्रस्तुत कर मांग करते हैं कि 15 दिवस के भीतर हमारी निम्न मांगो पर तत्काल संज्ञान लिया जाकर विधि सम्मत कार्यवाही की जावे। 

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का तत्काल तबादला किया जाये 


ज्ञापन में मांग की गई है कि सिवनी जिले में गोड़वाना साम्राज्य के राजा दलपत शाह की दो बार प्रतिमा खंडित किये जाने तथा आदिवासी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत करने, अपराध की बार-बार पुनरावृत्ति होने तथा जिले की कानून व्यवस्था और लोगों के मान सम्मान और धार्मिक भावनाएं आहत होने पर अंकुश ना लगाने पर जिला प्रशासन के आलाअधिकारी, जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का तत्काल तबादला किया जाये एवं साथ साथ कोतवाली प्रभारी सिवनी को भी तत्काल तबादला किया जाये ।

परतापुर में बड़ादेव ठाना में तोड़फोड़ करने वालों पर की जाये कार्यवाही


सौंपे गये ज्ञापन में मांग की गई है कि सिवनी जिले के हृदयस्थल दलसागर चौपाटी सिवनी में स्थित राजा दलपत शाह की मूर्ति के साथ तोड़फोड़ करने, प्रतिमा खण्डित करने एवं सर्व आदिवासी सामाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले अज्ञात आरोपी को तत्काल ज्ञात कर दांडिक मामला दर्ज करने और दंडित कराया जावे। इसके साथ ही ग्राम परतापुर में बड़ा देव ठाना में सल्ला घांघरा के प्रतीक चिह्न को खंडित कर आदिवासी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले आरोपियों को चिन्हित कर उन पर अपराधिक मामला दर्ज कर उन्हें दंडित कराया जावे । 

सिमरिया घटना में आरोपियों को जमानत निरस्त करने की मांग

ज्ञापन में यह मांग भी की गई है कि ग्राम सिमरिया थाना कुरई के अंतर्गत आदिवासियों के हत्यारों को मिल रही जमानत पर आपत्ति दर्ज करते हुए जमानत निरस्त कराने की म.प्र. उच्च न्यायालय जबलपुर में रिवीजन प्रस्तुत किया जावे। इसके साथ ही जिला सिवनी के अंतर्गत तहसील लखनादौन में आंदोलन के दौरान निर्दोष 54 आदिवासियों पर झूठा आपराधिक मामला दर्ज कर जबरन जेल भेजने की कार्यवाही कर झूठा मामला वापस लिया जावे एवं थाना प्रभारी मनोज गुप्ता लखनादौन का तत्काल ट्रांसफर कर आपराधिक मामला दर्ज किया जाये ।

15 दिवस के बाद उग्र आंदोलन करने के लिये बाध्य होगा

वहीं संपूर्ण जिले में जहां जहाँ भी महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की गई है उसमें समुचित पुलिस व्यवस्था और सी. सी. टी.वी. कैमरे लगवाये जावे। सिवनी जिले में निवासरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग व धार्मिक अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के साथ जातिगत आधार पर हो रहे अन्याय, अत्याचार पर रोक लगाये जाने हेतु राज्य प्रशासन स्तर पर उचित दिशा निर्देश जिला प्रशासन को जारी किये जावे। जिले का संयुक्त मोर्चा अपने इस ज्ञापन के माध्यम से मांग करता है कि निम्न मांगों पर 15 दिवस के भीतर तत्काल कार्यवाही करते हुए दोषियों को दंडित किया जावे अन्यथा हमारा बहुजन मूल निवासी समाज 15 दिवस के बाद उग्र आंदोलन करने के लिये बाध्य होगा जिसकी संपूर्ण जबाबदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। 

रंजीत वासनिक ने राजा दलपत शाह जी की 15 फिट की प्रतिमा व सीसीटीव्ही कैमरा लगाने सहयोग की घोषणा किया

संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पहुंंचे बरघाट नगर परीषद के पूर्व अध्यक्ष रंजीत वासनिक ने सभामंच पर वक्तव्य देते हुये कहा कि राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले की मैं मंच के माध्यम से निदां करता हूं और उन्होंने कहा कि बरघाट नगर पंचायत परिषद क्षेत्र में में उनके द्वारा सभी वर्गों के महापुरूषों की प्रतिमा लगवाने का कार्य किया गया था।
                वहीं इसी क्रम में उन्होंने घोषणा किया कि संयुक्त मोर्चा और समाजिक संस्था को मैं यह आश्वासन देते हुये घोषणा करता हूं दलसागर तालाब में 15 फिट की राजा दलपत शाह जी की प्रतिमा और सीसीटीव्ही कैमरा की व्यवस्था मेरी ओर से सहयोग के रूप में प्रदान की जावेगी। यहां पर पूर्ण सुरक्षा हेतु अन्य व्यवस्था भी मेरे द्वारा करने में सहयोग किया जावेगा। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.