Type Here to Get Search Results !

आगामी विधानसभा चुनाव के पहले सिवनी जिले में गोंगपा को मजबूत बनाने हो रही कवायद

आगामी विधानसभा चुनाव के पहले सिवनी जिले में गोंगपा को मजबूत बनाने हो रही कवायद 

प्रकाश धुर्वे जिला प्रभारी के नेतृत्व में सिवनी जिले में गोंगपा संगठन में हुआ बदलाव 

वरिष्ठ पदाधिकारियों के मार्गदर्शन व सहमति से गोंगपा को मतदान केंद्र में करेंगे मजबूत  

सिवनी। गोंडवाना समय। 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला सिवनी के प्रभारी और वर्तमान प्रदेश महासचिव प्रकाश धुर्वे के नेतृत्व में गोंगपा के राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों की सहमति व मार्गदर्शन में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला सिवनी में संगठन को मजबूत करने के लिये कार्यकारिणी में बदलाव किया गया है जिसके तहत जिला कार्यकारिणी के जिला अध्यक्ष का चयन किया गया। इसके साथ साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा जिला सिवनी की कार्यकारिणी को भी भंग कर पुन: जिला अध्यक्ष का चयन किया गया है।
            


इस संबंध में जानकारी देते हुये गोंगपा के जिला प्रभारी व प्रदेश महासचिव प्रकाश धुर्वे ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के पहले संगठन को मतदान केंद्र स्तर पर मजबूत करने के साथ साथ संगठन का गांव व शहरी क्षेत्र में सदस्यता अभियान चलाने के लिये संगठन में बदलाव किया गया है। वहीं जिन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है वे पूर्व पदाधिकारियों के सहयोग से संगठन को मजबूत करते हुये दादा हीरा सिंह मरकाम जी के मिशन को पूरा करने में अपनी जिम्मेदारी जवाबदारी के साथ निभायेंगे।
                आगे जानकारी देते हुये प्रदेश महासचिव व सिवनी जिला प्रभारी प्रकाश धुर्वे ने बताया कि सिवनी जिले में आगामी विधानसभा का चुनाव राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम, राष्ट्रीय महासचिव व मध्यप्रदेश प्रभारी श्याम सिंह मरकाम, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते के दिशा निर्देशानुसार तय किये गये दिशा निर्देशों के आधार पर मध्यप्रदेश में लड़ा जायेगा।  

मजबूती के साथ प्रत्याशी को मैदान में उतारकर विधायक बनाने की होगी रणनीति

आगे जानकारी देते हुये जिला प्रभारी व प्रदेश महासचिव प्रकाश धुर्वे ने बताया कि सिवनी जिले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष रामगुलाम उईके को प्रांतीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है उनके संगठन के कार्यों का अनुभव मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिये प्रयोग किया जायेगा। वहीं सिवनी जिले में भी पूर्व विधायक रामगुलाम उईके मार्गदर्शन में ही संगठन को कार्य जिला अध्यक्ष गया प्रसाद कुमरे द्वारा किया जायेगा।
                गोंडवाना गणतंत्र पार्टी संगठन में समस्त पदाधिकारी सामंजस्य के साथ मिलजुलकर कार्य करेंगे। संगठन में फेरबदल होने से सभी कार्यकर्ताओं में उमंग व नया जोश भी उत्पन्न हुआ है। प्रकाश धुर्वे ने आगे बताया कि कि हमारी रणनीति सिवनी जिले में आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ प्रत्याशी को मैदान में उतारकर विधायक बनाने की होगी।
                इसलिये संगठन का कार्य सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुटता व एकता के साथ में करेंगे। जिला अध्यक्ष गया प्रसाद कुमरे को हमारे द्वारा निर्देशित किया गया है कि समस्त वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन व सहमति लेकर संगठन को मजबूत बनाने के लिये तत्परता के साथ कार्य करें। 

युवाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने के लिये जवाबदारी दी जायेगी

आगे जानकारी देते हुये प्रदेश महासचिव व सिवनी जिला प्रभारी प्रकाश धुर्वे ने बताया कि सिवनी जिले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा में बदलाव किया गया है। पूर्व जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष राजकुमार कुमरे के द्वारा भी सराहनीय कार्य किया गया है।
                आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुये युवा मोर्चा को मतदान केंद्र स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिये जाने के लिये फिलहाल प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष अखिलेश मर्सकोले के द्वारा फेरबदल किया गया है। जिला युवा मोर्चा के पद पर लोहारी इनवताी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। जिला युवा मोर्चा में गांव-गांव व शहरी क्षेत्र के युवाओं को संगठन से जोड़कर संगठन को मजबूत बनाने के लिये जवाबदारी दी जायेगी। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.