Type Here to Get Search Results !

प्रभारी मंत्री सखलेचा ने कन्या शिक्षा परिसर के मेस संचालक सुनील साहू को टर्मिनेशन का नोटिस जारी करने दिया निर्देश

प्रभारी मंत्री सखलेचा ने कन्या शिक्षा परिसर के मेस संचालक सुनील साहू को टर्मिनेशन का नोटिस जारी करने दिया निर्देश

छात्राओं द्वारा भोजन के गुणवत्ताहीन होने की शिकायत पर प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा द्वारा की गई कार्यवाही

जनजाति कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारी व कर्मचारियों की सांठगांठ कमीशनखोरी के कारण मेस संचालक पर नहीं हो पा रही थी कोई कार्यवाही 

प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने बालिका छात्रावास बोरदई का किया औचक निरीक्षण


सिवनी। गोंडवाना समय।


कन्या शिक्षा परिसर सिवनी में जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस भोजन मेस संचालक सुनील साहू और जनजाति कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारी कर्मचारियों की सांठगांठ, दलाली, कमीशनखोरी का खेल 3 फरवरी शुक्रवार को प्रभारी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा के सामने उजागर हो गया इसके साथ ही आदिवासी बालिकाओं के मुंह का निवाला छीनकर दौलत कमाने के भूखे अधिकारी कर्मचारियों का काला चिठ्ठा भी खुल गया है। मध्य प्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने 3 फरवरी 2023 दिन शुक्रवार को अपने जिले के प्रवास के दौरान शासकीय कन्या परिसर बोरदई स्थित बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। प्रभारी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने इस दौरान छात्राओं से मुलाकात किया। उन्होंने छात्राओं से चर्चा कर शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी के साथ ही साथ पेयजल, भोजन, साफ-सफाई सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। 

पानी, बिजली की समस्या के स्थाई निदान हेतु आवश्यक कार्यवाही करने कलेक्टर क्षितिज सिंघल को दिये निर्देश


छात्राओं से चर्चा के दौरान भोजन की गुणवत्ता की शिकायत प्राप्त होने पर प्रभारी मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने संबंधित अनुबंधकर्ता जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस भोजन मेस संचालक सुनील साहू को टर्मिनेशन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्देशित किया कि छात्राओं को तय समय में तय मीनु अनुसार भोजन मिले यह सुनिश्चित किया जाए।

भोजन की गुणवत्ता उत्कृष्ट रहे। इसी तरह छात्रावास में पानी और बिजली आपूर्ति की समस्या के लिए स्थाई निदान के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश कलेक्टर श्री क्षितिज सिंघल को दिए। उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका को साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए हैं। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे, जनपद अध्यक्ष सिवनी श्री किरण भलावी, कलेक्टर श्री क्षितिज सिंघल, सीईओ श्री पार्थ जैसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।  

विभागीय संरक्षण के चलते जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस संचालक सुनील साहू कर रहा था मनमानी


कन्या शिक्षा परिसर सिवनी में जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस भोजन मेस संचालक सुनील साहू की मनमानी जनजाति कार्य विभाग सिवनी के संरक्षण में चल रही है। अनियमितता करने पर उतारू मेस संचालक सुनील साहू भोजन देने में अत्यधिक लापरवाही कर रहा था। मेस संचालक द्वारा रसोई कक्ष और मेस कक्ष में गंदगी फैलायी जा रही थी रसोई कक्ष व मेस कक्ष में बासा भोजन पड़े रखना एवं छात्राआें को मेस में मेनू अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था भोजन स्वाद अनुसार न बनाया जाकर गुणवत्ताहीन बनाया जा रहा था। जनजाति कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारी कर्मचारियों के विभागीय संरक्षण के चलते जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस संचालक सुनील साहू मनमानी कर रहा था।

गोंडवाना समय और सिवनी जनपद अध्यक्ष द्वारा विगत दिनों उठाया गया था मुद्दा


इस मामले को गोंडवाना समय और सिवनी जनपद अध्यक्ष द्वारा विगत दिनों ही उठाया गया था जिस पर कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य द्वारा जय दुर्गे कैटरिंग सर्विसेस के संचालक सुनील साहू को नोटिस जारी किया गया था लेकिन जनजाति कार्य विभाग सिवनी के कुछ अधिकारी व कर्मचारियों की सांठगांठ कमीशनखोरी के कारण मेस संचालक पर कोई कार्यवाही नहीं हो पा रही थी। वहीं 3 फरवरी को प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कन्या शिक्षा परिसर का निरीक्षण किया जहां उन्हें छात्राओं से चर्चा के दौरान मेस संचालक द्वारा भोजन प्रदान करने को लेकर अत्यधिक अनियमितता देखने को मिली जिस पर प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर सिवनी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिया है। 


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.