Type Here to Get Search Results !

पेसा एक्ट के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को विशेष शक्तियाँ प्रदान की गई है-राज्यपाल

पेसा एक्ट के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को विशेष शक्तियाँ प्रदान की गई है-राज्यपाल 

राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद, पेसा एक्ट के बारे में दी विस्तार से जानकारी

सिवनी। गोंडवाना समय। 

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने धनौरा विकासखण्ड के ग्राम साजपानी में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर पेसा एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के 89 आदिवासी विकासखंडों में पेसा एक्ट लागू किया गया है। एक्ट के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को विशेष शक्तियाँ प्रदान की गई है। जिससे सभी ग्रामवासी मिलकर ग्राम का समग्र विकास कर सकेंगे।
             


उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा ''बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ'' जैसे महत्वकांक्षी अभियान की संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि बेटियों के बिना समाज की कल्पना अधूरी है। इसलिए बेटों के साथ साथ बेटियों की शिक्षा एवं उनके समग्र विकास में भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
            

राज्यपाल श्री पटेल ने राज्य आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित योजनाओं के माध्यम से स्व सहायता समूह गठन एवं इनके क्रियान्वयन के संबंध में चर्चा कर कहा कि स्व सहायता समूह की गतिविधियों के माध्यम से महिलाएँ न सिर्फ़ आर्थिक रूप से सशक्त हो रही है बल्कि समाज के विकास में भी भागीदार बन रही है।
            

महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह की गई अद्भुत एवं प्रशंसनीय पहल है। राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेश सरकार द्वारा चलायी जा रही लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं हाल ही में शुरू की गयी मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के बारे में भी विस्तार से चर्चा की।

केंद्र एवं प्रदेश शासन ने गरीबों और जरूरतमंदों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को समझा है 


राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश शासन ने गरीबों और जरूरतमंदों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को समझा है, उनकी चिंता की है और उसी के अनुरूप योजना बनाकर उसे मैदानी स्तर पर क्रियान्वित किया हैं। उन्होंने अपने उद्बबोधन में शासन द्वारा संचालित सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान भारत योजना तथा आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।                 उन्होंने बताया कि सिकल सेल जैसी गम्भीर बीमारी आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में ज्यादा देखने को मिल रही है। पति-पत्नी अगर इस बीमारी से पीड़ित हो तो यह बीमारी बच्चों में भी होती है। उन्होंने बताया कि इस बीमारी से बच्चे की कष्टप्रद मृत्यु हो जाती है। इस वर्ष के केंद्रीय बजट में सिकल सेल उन्मूलन के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया को जड़ से समाप्त करना सरकार का उद्देश्य है।

आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करने की बात की


राज्यपाल श्री पटेल ने जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन के किये युवाओं से सहभागिता की अपील की। उन्होंने शिक्षा के महत्व में भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीणों से अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षित करने की बात की। केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा की पेसा कानून के लागू होने से ग्राम सभाओं को विशेष शक्तियाँ प्राप्त हुई है। जिससे ग्रामवासी अपनी स्थानीय आवश्यकतानुसार उचित निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हो गए हैं।
          

 
गाँव के छोटे-मोटे विवादों का निपटारा शांति निवारण विवाद समिति के द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने राज्यपाल श्री पटेल द्वारा सिकल सेल अनीमिया को समाप्त करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।सांसद डॉ ढाल सिंह बिसेन ने कार्यक्रम में कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार को जनता के सरोकार को पूर्ण करने के लिए संकल्पित हैं सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं की सौगात दी जा रही है।
                

हाल ही में पेसा ऐक्ट के लागू होने से क्षेत्र में अनेक विकास कार्य होंगे और क्षेत्र का उत्थान होगा। इसके माध्यम से हम आत्म निर्भर भारत की संकल्पना को साकार कर पाएगें। विधायक श्री राकेश पाल सिंह ने कहा कि राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल की सिकल सेल एनीमिया बीमारी को समाप्त करने में विशेष रुचि रखते हैं, जिसके लिए उन्होंने सभी आदिवासी बंधुओं की ओर से राज्यपाल महोदय का आभार व्यक्त किया।
                हितलाभ का किया गया वितरण, कार्यक्रम की शुरूआत कन्या पूजन एवं राष्ट्रगान गायन से की गई। कार्यक्रम के माध्यम से राज्यपाल श्री पटेल ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, आजीविका मिशन के स्व सहायता समूहों को सीसीएल राशि, विभिन्न पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र देकर लाभांवित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा राष्ट्रगान गायन से किया गया। इसके उपरांत कन्या पूजन कर कार्यक्रम का संचालन किया गया।         

राज्यपाल  दिया गया गार्ड आॅफ आॅनर, रामचरितमानस की गई भेंट    


महामहिम राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल के धनौरा आगमन पर हेलीपेड में आत्मीय स्वागत हुआ उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने राज्यपाल महोदय को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। महामहिम राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल के धनौरा आगमन पर  रेस्ट हाउस में गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया।
            

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री इस्पात एवं ग्रामीण विकास श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद डॉ ढाल सिंह बिसेन, विधायक श्री राकेश पाल, श्री आलोक दुबे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री राजेश त्रिवेदी, कलेक्टर श्री क्षितिज सिंघल, पुलिस अधीक्षक श्री रामजी श्रीवास्तव सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित थे। राज्यपाल श्री पटेल ने विश्राम गृह में अपने अल्प प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों से भी सौजन्य भेंट की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा राज्यपाल श्री पटेल को रामचरितमानस भेंट की गई।       

सिकल सेल एनिमिया उन्मूलन शिविर का राज्यपाल ने किया अवलोकन 


महामहिम राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल ने गुरुवार 2 मार्च को धनौरा विकासखण्ड के ग्राम साजपानी में प्रवास के दौरान ग्रामपंचायत भवन पहुँचकर सिकल सेल एनीमिया एवं टीबी उन्मूलन शिविर का अवलोकन किया। राज्यपाल श्री पटेल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिलें में सिकल सेल उन्मूलन अभियान के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
            उन्होंने प्रारंभिक रूप से चिन्हांकित किये गए सिकल सेल ग्रसित रोगियों को त्वरित उपचार प्रदान करने के निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को अवश्य दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सतत रूप से चिकित्सकीय सलाह भी मिलती रहें। मरीजों की सतत मॉनिटरिंग की जाए।

राज्यपाल ने किया स्कूली बच्चों से आत्मीय संवाद 


राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल ने सिकल सेल शिविर में जांच के लिए उपस्थित बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के जानकारी लेने के साथ ही उनके दैनिक आहार के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ-साथ अपने खान-पान पर भी ध्यान देने के बात कही। उन्होंने बच्चों से अपनी दैनिक दिनचर्या में व्यायम एवं योग जैसी गतिविधियों को शामिल करने की बात कही। 

राज्यपाल ने पुत्रजीवा का पौधा रोपा, आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया


राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने ग्राम पंचायत भवन में प्रवास के दौरान वृक्षारोपण कर आमजनों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पंचायत भवन में पुत्रजीवा का पौधा रोपा। महामहिम राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल ने गुरुवार 2 मार्च को धनौरा विकासखण्ड के ग्राम साजपानी के प्रवास के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण  किया।
            राज्यपाल श्री पटेल ने आंगनवाड़ी में दर्ज बच्चों, उनकी उपस्थिति के साथ कुपोषण स्थिति की जानकारी लेते हुए उपस्थित बच्चों की अपने समक्ष ऊँचाई एवं वजन  कराया। राज्यपाल श्री पटेल ने जिलें में कुपोषित बच्चों की स्थिति के साथ ही रोगोपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान राज्यपाल श्री पटेल ने मातृ सहयोगनी समिति की महिलाओं से भी संवाद कर गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
            उन्होंने समिति सदस्यों से कहा कि सभी अपने दायित्वों का अक्षयश: पालन करें। ग्राम का कोई भी ऐसा घर न हो, जिसके बच्चें आंगनवाड़ी न पहुँचे। प्रत्येक धात्री एवं गर्भवती महिला और बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र से मिलने वाला पोषण आहार, दवाइयां एवं सतत सलाह मिलें। बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्र में दी जाने वाले औपचारिक शिक्षा की गुणवत्ता अच्छी हो।

धात्री एवं गर्भवती महिलाएं रखें खान-पान का विशेष ख्याल, जरूरी दवाईयों का सेवन एवं टीकाकरण अवश्य कराएं- राज्यपाल


राज्यपाल श्री पटेल ने आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान ग्राम की धात्री एवं गर्भवती महिलाओं से भी संवाद करते हुए एएनसी जांच, टीकाकरण एवं दवाइयों के सेवन आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने धात्री एवं गर्भवती महिलाओं से अपील कि अपने एवं अपने बच्चें के  स्वास्थ्य के लिए खान-पान का विशेष ध्यान रखें, शासन की ओर से मिलने वाले पोषण आहार एवं दवाइयों का नियमित सेवन करें।
            राज्यपाल श्री पटेल ने इस दौरान सिकल सेल रोग के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने आम जनों से  सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए आगे आकर स्वयं की जांच कराने तथा सिकल सेल से ग्रसित पाए जाने पर त्वरित रोगोपचार कराने की बात कही।
            उन्होंने कहा कि सिकल सेल के प्रभावी रोकथाम के लिए सिकल सेल से ग्रसित युवक-युवती का आपस में विवाह न हों यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। राज्यपाल श्री पटेल ने इस दौरान अधिकारियों को भी ग्रामवार आयोजित शिविरों के पर्याप्त प्रचार-प्रसार के साथ-साथ ग्राम के प्रत्येक घर में पहुँचकर जांच कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

महिला स्वसहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर राज्यपाल ने किया दीदीयों का उत्साहवर्धन 


राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन के महिला स्वसहायता समूह की गतिविधियों में केंद्रित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने बांस, ऊन एवं मिट्टी से बने सजावट के उत्पादन एवं विक्रय से जुड़ी बहनों से उनके व्यवसाय से संबंध में विस्तृत चर्चा की।
            उन्होंने बहनों से उनके द्वारा बनाये जा रहें सजावटी उत्पादों की मार्केटिंग एवं स्थानीय बाजार में मांग के साथ ही उनके द्वारा कमाए जा रहे लाभ की जानकारी लेकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसी तरह समूह से जुड़कर कड़कनाथ पालन कर रही दीदीयों एवं बैंक सखियों को भी राज्यपाल महोदय एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने  प्रोत्साहित किया। 

पीएम आवास योजना से लाभांवित हितग्राही के घर किया भोजन, छात्रावास की छात्राओं से किया संवाद 


महामहिम राज्यपाल श्री मंगु भाई पटेल ने गुरुवार 2 मार्च को ग्राम साजपानी के प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी श्री अमरलाल परते के घर पर स्वजनों के साथ भोजन किया। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने ग्राम धनौरा में शासकीय सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास में गुरुवार 2 मार्च को छात्राओं से स्नेहपूर्वक संवाद किया।
            

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने छात्राओं से सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे। इसमें उन्होंने भारत के प्रथम राष्ट्रपति एवं वर्तमान राष्ट्रपति के नाम पूछे। उन्होंने छात्रों से उनकी दिनचर्या, सुबह उठने के समय, प्रार्थना, खाना मिलने, स्कूल के समय एवं रात्रि में सोने के समय आदि के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल ने छात्राओं को सलाह दी कि भरपूर नींद लें, व्यायाम एवं योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें।             

छात्राओं से हुये संवाद में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा की झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की तरह साहसी बने। दृढ़ता एवं आत्मविश्वास के साथ स्वयं को तैयार करे। सच्चाई को नि:संकोच भाव से जीवन में आत्मसात करे। उन्होंने कहा महिला सशक्तिकरण की ओर देश बढ़ रहा है। उन्होंने शासन के बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं अभियान से भी छात्राओं को अवगत कराया।
                

उन्होंने दीवार पर लिखे वाक्य ''मेरा भारत महान'' भी छात्राओं से पढ़वाया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि पूरे विश्व में भारत की ख्याति है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। राज्यपाल श्री पटेल ने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.