Type Here to Get Search Results !

1 किलो चावल और 10 रूपये के सहयोग से विधायक बनने वाले रामगुलाम उईके लखनादौन विधानसभा से है प्रबल दावेदार

1 किलो चावल और 10 रूपये के सहयोग से विधायक बनने वाले रामगुलाम उईके लखनादौन विधानसभा से है प्रबल दावेदार 

लखनादौन विधानसभा में गोंगपा के दावेदार एकता के साथ कर रहे जीत का दावा 


लखनादौन। गोंडवाना समय।  

मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी विधानसभा लखनादौन है जहां पर सबसे ज्यादा मतदान केंद्र है। लखनादौन विधानसभा अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिये आरक्षित है। लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का वर्चस्व है, लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में लखनादौन, घंसौर, धनौरा, छपारा जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम आते है जहां पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का काफी प्रभाव माना जाता है।
            


वर्ष 2003 से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में अच्छा प्रभाव चुनाव में दिखाती आ रही है। आगामी समय में वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव की तैयारी भी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी मजबूती के साथ कर रही है। इसी के तहत लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में 8 दावेदारों ने अपना दावेदारी प्रस्तुत किया है।
             जिला संगठन के द्वारा कोर कमेटी की बैठक में कुछ दावेदारों के नाम तय करते हुये प्रदेश व राष्ट्रीय कमेटी की ओर भेजा गया है। लखनादौन विधानसभा सहित मध्यप्रदेश की 52 विधानसभा क्षेत्रों के अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कुछ ही दिनों में करने की तैयारी कर रही है संभावना है कि जल्द ही घोषणा हो जायेगी।
             इसके लिये प्रांतीय, राष्ट्रीय कमेटी विचार-मंथन करते हुये निर्णय लेने की तैयारी कर रही है। सिवनी जिले की बात करें तो केवलारी विधानसभा क्षेत्र के बाद लखनादौन विधानसभा क्षेत्र महत्वपूर्ण रूप से गोंगपा के लिये प्रभावकारी सीट मानी जाती है। 

सामाजिक पदाधिकारियों की उपस्थिति में लिया निर्णय 


लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के दावेदारों के द्वारा सामुहिक रूप से बैठक करते हुये एकता के साथ चुनाव लड़ने के लिये बैठक भी की जाकर संकल्प लिया गया है। बताया जाता है कि बीते दिनों लखनादौन विधानसभा क्षेत्र के धनककड़ी ग्राम पर सामाजिक सहयोग से वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिये भूमि पूजन का कार्यक्रम किया गया था, जिसमें विशेष सामाजिक पदाधिकारी मौजूद रहे इसके साथ ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक रामगुलाम उईके, गोंगपा के प्रदेश प्रचार मंत्री महेश बट्टी, डॉ. राजेन्द्र बिहूनिया बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता, कृष्ण कुमार कुमार उईके गोंगपा पूर्व जिला सचिव व समस्त कार्यकतार्ओं के साथ कोयतूर गोंडवाना महासभा पाठादेवरी 118 गाँव समिति के समस्त कार्यकर्ता की उपस्थिति रही। 

हम गोंगपा और बसपा दोनों के गठबंधन से हम विजय हासिल करेंगे 


इस दौरान गोंगपा के पूर्व विधायक रामगुलाम उईके ने अपने संबोधन पर कहा कि आप सभी को दादा हीरा सिंह मरकाम जी की पार्टी को वोट करना है जिससे आप अपने धर्म, भाषा, संस्कृति, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य को बचा सकते है। आज से हम सभी दादा हीरा सिंह मरकाम जी का नारा सेवा सेवा और काशीराम दादा जी सेवा सेवा का नारा लगाना शुरू कर दो, हम गोंगपा और बसपा दोनों के गठबंधन से हम विजय हासिल करेंगे। 

मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने का फैसला लिया है     


पूर्व विधायक रामगुलाम उईके ने आगे कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी गोंड अकेले की पार्टी नहीं है, यह पार्टी गोंडवाना भूभाग पर रहने वाले वंचित, शोषित, पीड़ित, गरीब, बेसाहारा, किसान, मजदूर और सर्वधर्म, सर्वसमाज की पार्टी है। गोंडवाना रत्न दादा हीरा सिंह मरकाम जी ने जो आंदोलन चलाया उनके इन बिचारो से आप सभी के लिए एक पार्टी बनाये।
            वहीं काशीराम जी ने भी बहुजन समाज पार्टी बनाई दोनो की विचारधारा समान है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में गोंगपा व बसपा दोनों पार्टी ने मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में गठबंधन कर मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने का फैसला लिया है जिससे हम सभी के संवैधानिक हक अधिकार को बचा सके, यह आपको समझना पड़ेगा। 

रामगुलाम उईके व महेश बट्टी ने लिया एकता का संकल्प 


गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के दोनों दावेदार पूर्व विधायक रामगुलाम उईके व महेश बट्टी जो कि लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से दावेदार है उन्होंने एकता के साथ जिसे भी प्रत्याशी बनाया जायेगा उसे जिताने के लिये कार्य करने की बात कहा। 
            गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के दावेदार प्रत्याशी रामगुलाम उईके व महेश कुमार बट्टी ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यालय में एक साथ दोनों ने गले मिलकर दादा हीरा सिंह मरकाम जी के विचारों पर कार्य करते हुये गोंडवाना आंदोलन के मिशन को आगे बढ़ाने के लिये कहा कि लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से हम दोनों में से किसी को भी टिकट या सभी 8 दावेदारों में से जिसे भी गोंगपा के द्वारा अधिकृत रूप से प्रत्याशी घोषित किया जायेगा उसे हम जिताने के लिये कार्य करेंगे। इसके साथ हम और आप सब मिलकर आज से संकल्प लेते हैं कि लखनादौन से विधायक बनाकर गोंगपा को देंगे।  

रामगुलाम उईके ऐतिहासिक मतों से जीतकर बने थे घंसौर से गोंगपा के विधायक

1 किलो चावल और 10 रूपये के जनसहयोग से वर्ष 2003 में घंसौर विधानसभा क्षेत्र से ऐतिहासिक वोटों से चुनाव जीतकर विधायक बनने वाले रामगुलाम उईके का मध्यप्रदेश की विधानसभा में अपनी अलग ही पहचान रखते है। गोंडवाना रत्न दादा हीरा सिंह मरकाम जी का राजनैतिक आंदोलन वर्ष 2003 में उफान पर था, गांव-गांव गोंडवाना का तूफान था।
                वहीं वर्ष 2003 में कांग्रेस की विदाई हुई थी वहीं सत्ता पाने के लिये घसट-घसट कर संघर्ष करने वाली भाजपा सत्ता तक पहुंचने में कामयाब हो गई थी। वर्ष 2003 में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मध्यप्रदेश में जो चुनावी प्रदर्शन किया था वह चौकाने वाला था।
                 इसी दौरान घंसौर विधानसभा क्षेत्र से रामगुलाम उईके भी विधायक बने थे परंतु वर्ष 2003 के बाद परीसीमन में घंसौर विधानसभा सीट समाप्त हो गई थी जिसे लखनादौन विधानसभा क्षेत्र में जोड़ दिया गया है। लखनादौन विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक व गोंगपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामगुलाम उईके ने भी दावेदारी किया है, जिन्हें प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।
                जिला व ब्लॉक स्तर से रिपोर्ट व सर्वे रिपोर्ट के आधार पर गोंगपा की प्रांतीय व राष्ट्रीय कमेटी ही यह तय करेगी कि लखनादौन विधानसभा से कौन अधिकृत उम्मीदवार होगा लेकिन रामगुलाम उईके को मजबूत व प्रबल दावेदार के रूप में कार्यकर्ताओं की आवाज उठ रही है।   

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.