Type Here to Get Search Results !

ढोर चराते-चराते हमारे पूर्वज मध्य एशिया से आये थे और यहां पर कब्जा कर लिया-दिग्विजय सिंह

 ढोर चराते-चराते हमारे पूर्वज मध्य एशिया से आये थे और यहां पर कब्जा कर लिया-दिग्विजय सिंह 

आदिवासी ही यहां का मूल निवासी है, उनके हक की लड़ाई कांग्रेस लड़ेगी

आदिवासी की जमीनों में गैर आदिवासी द्वारा बनाएं जा रहे रिसोर्टों पर कब्जा करायेगी कांग्रेस  

सिवनी जिले के कुरई विकासखंड के परासपानी ग्राम में दिग्विजय सिंह ने मुखर उठाई आवाज 

कुरई/सिवनी। गोंडवाना समय। 

कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सिवनी जिले के कुरई विकासखंड के ग्राम परासपानी में आदिवासियों के बीच में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मौजूद आदिवासी समुदाय व कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि ये इतिहास है कि जब प्रलय हुआ था, जब गंगा माई हिमालय से निकली उससे पहले पृथ्वी गोल थी, पृथ्वी के टुकड़े हुये थे तो अमेरिका, आफ्रिका, एशिया, गोंडवाना लैंड बना।
            


भारत के साथ साथ आदिवासी समुदाय यूरोप, आस्ट्रेलिया ही नहीं पूरी दुनिया में आदिवासी रहते है। इस देश का आदिवासी ही मूल निवासी है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने खुलकर कहा कि हजारों वर्ष पूर्व हमारे पूर्वज तो ढोर चराते चराते मध्य एशिया से आये थे और उन्होंने कब्जा कर लिया और आप आदिवासी लोगों को जंगलों में भेज दिया और यहां पर राजपाठ करने लगे। यह बात उन्होंने मुखर होकर कहा कि इसमें बुरा मानने वाली कोई बात नहीं है यह सच्चाई है कि आदिवासी ही इस देश का मूलनिवासी है। 

गोंडी भाषा को राष्ट्रीय भाषा का दर्जा दिलाने कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ेगी


पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में सबसे ज्यादा आदिवासी निवास करते है। यहां पर 22 प्रतिशत आदिवासी है यानि 100 में से 22 आदिवासी है। भारत में गोंडी भाषा से कम बोली जाती है वह भाषा राष्ट्र भाषा में शामिल हो गई लेकिन गोंडी भाषा को राष्ट्रीय भाषा का दर्जा नहीं मिला। कांगे्रस पार्टी गोंडी भाषा को राष्ट्रीय भाषा में शामिल करने के लिये लड़ाई लड़ेगी। 

भाजपा सरकार के राज में लगभग 40 हजार स्कूल बंद हो गये 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं यहां पर कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में आया हूं मैं राजा नहीं हूं, मुझे राजा से संबोधन न करें। इसके साथ ही उन्होंने आदिवासी अंचल में शैक्षणिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुये कहा कि शिक्षा गारण्टी स्कूल में गुरूजी नियुक्त करने का काम भाजपा ने किया है।
            वहीं आदिवासियों के पिछड़ेपन का कारण अशिक्षा है। जंगल में खतरा रहता है हमने तो कांग्रेस कार्यकाल में गांव-गांव स्कूल खुलवाया था, एक किलोमीटर में प्राथमिक स्कूल, 3 किलोमीटर में माध्यमिक स्कूल, 5 किलोमीटर में हायर सेकेण्ड्री स्कूल खुलवाया था। वहीं भाजपा सरकार के राज में लगभग 40 हजार स्कूल बंद हो गये। 

आदिवासी प्रकृतिपूजक है 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने हिन्दुत्व के मुद्दे पर भी कटाक्ष करते हुये कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर चंदा मांगती है, इनसे बड़ा ठगने वाला और धूर्त कोई नहीं है। आदिवासी प्राकृतिक के पूजक है आपसे सीखकर हम लोग भी प्रकृति की पूजा करते है। 

संजय पाठक के रिसोर्ट में जाकर असली आदिवासी का कब्जा करायेंगे 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि सदियों से आदिवासी जंगलो में रहता आया, आदमी और जानवर साथ रहते थे। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों की सुरक्षा होना चाहिए लेकिन यहां के आदिवासी को सरकार बाहर क्यों भेजती है। जंगल क्षेत्र में रिसोर्ट खोले जाने के मामले में उन्होंने कहा कि जिस आदिवासी की जमीन थी वो रिसोर्ट में बर्तन मांज रहा है। बड़े बड़े पूंजीपति आपके पेंच पार्क क्षेत्र में आदिवासियों के नाम पर जमीन खरीदकर रिसोर्ट खोल रहे है।
             दिग्विजय सिंह ने कहा कि रिसोर्ट खोलने की अनमुति आदिवासियों को ही मिलना चाहिये। वहीं उन्होंने भाजपा विधायक संजय पाठक के मामले में आवाज उठाते हुये कहा कि संजय पाठक चार आदिवासी के नाम पर पूरे मध्यप्रदेश में आदिवासियों की जमीन खरीद रहा है। सिवनी जिले के पेंच पार्क क्षेत्र में आदिवासियों के नाम पर रिसोर्ट बनवा रहे है, संजय पाठक के द्वारा आदिवासी के नाम पर बनवाये जा रहे रिसोर्ट में कांग्रेस जाकर कब्जा करायेगी। जिस आदिवासी की जमीन है वो उसी की रहेगी।
            पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सिवनी जिला कांग्रेस अध्यक्ष को निर्देशित किया कि आपके जिले में किन आदिवासी के नाम से जमीन खरीदी गई और किस आदिवासी को बेची है इसकी खोज खबर लें, हम रिसोर्ट में असली आदिवासियों को ले जाकर कब्जा करायेंगे। जिस आदिवासी की है जमी है उसे देंगे लेकिन संजय पाठक को नहीं रहने देंगे। अब हम आदिवासियों के हक में लड़ाई यहां से शुरू होगी। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.