गांव-गांव सदस्यता अभियान के साथ भोपाल में होगा गोंगपा का राष्ट्रीय अधिवेशन
बिलासपुर में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक में लिये गये महत्वपूर्ण निर्णय
गोंगपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम की मौजूदगी में आयोजित हुई बैठक
बिलासपुर। गोंडवाना समय।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी राष्ट्रीय कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गोंगपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम सहित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश व महाराष्ट्र राज्य में संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिये गांव चलों अभियान के तहत विशेष रूप से सदस्यता अभियान चलाने के लिये कार्ययोजना तैयार की गई।
इसके साथ ही मई माह में मध्यप्रदेश के भोपाल में राष्ट्रीय अधिवेशन कराये जाने के संबंध में निर्णय लिया गया है। वहीं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की बैठक में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर धरना, प्रदर्शन, आंदोलन की रणनीति भी बनाई गई है।
तीन स्तर पर चलाया जायेगा सदस्यता अभियान
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक में सदस्यता अभियान के संबंध में लिये गये निर्णय के अनुसार गोंगपा संगठन को गांव-गांव व मतदान केंद्र स्तर पर मजबूत बनाने के लिये तीन स्तर पर सदस्यता अभियान चलाया जायेगा। प्रथम स्तर पर प्राथमिक सदस्य बनाये जायेंगे।
इसके लिये सदस्यता अभियान प्रभारी के साथ साथ राष्ट्रीय, प्रांतीय पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। जिला स्तर पर सदस्यता अभियान में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों पर संगठनात्मक अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी। सदस्यता अभियान तीन स्तर पर चलाये जाने के लिये कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसकी सूचना जिला स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों को भेजी जायेगी।
5 गांवों को दौरा करेंगे राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारी
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि गांव चलों अभियान के तहत और गोंगपा संगठन को गांव-गांव में मजबूत बनाने के लिये सदस्यता अभियान सक्रियता व गंभीरता के साथ चलाये जाने का निर्णय लिया गया है।
मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र राज्य में विशेषकर सदस्यता अभियान चलाने के लिये राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जिला स्तर पर लगभग 5-5 गांवों में दिन में बैठक के साथ साथ रात्रि विश्राम भी करना होगा।
गोंगपा संगठन को जिला व ब्लॉक स्तर पर मजबूत बनाने के लिये प्रत्येक जिले में सप्ताह में कम से कम 5-5 गांवों का दौरा करेंगे। इसकी सूचना जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष को दी जायेगी। गांव-गांव में बैठक आयोजित करने की जिम्मेदारी संबंधित जिले के जिला अध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष की होगी।
सदस्यता अभियान के लक्ष्य निर्धारित
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि गांव चलों अभियान के तहत चलाये जाने वाले सदस्यता अभियान में मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में प्रदेश स्तर पर सदस्य बनाये जाने के लिये लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। प्रदेश अध्यक्ष जिला स्तर पर अलग अलग सदस्यता के लक्ष्य निर्धारित कर जिला अध्यक्षों को दिशा निर्देश देंगे।
राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गोंगप करेगी आंदोलन
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी की बैठक में सदस्यता अभियान के संबंध में एवं राष्ट्रीय अधिवेशन के अलावा विशेष रूप से मध्यप्रदेश सरकार, छत्तीसगढ़ सरकार, महाराष्ट्र सरकार व केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ में धरना, प्रदर्शन, जन आंदोलन करने की रणनीति भी तैयार की गई है। यह आंदोलन प्रदेश स्तर पर जिला स्तर पर एवं ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किये जायेंगे।



