Type Here to Get Search Results !

सट्टा, शराब, गांजा और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ गोंगपा का जोरदार प्रदर्शन

सट्टा, शराब, गांजा और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ गोंगपा का जोरदार प्रदर्शन

धूमा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एवं कोयतूर गोंडवाना महासभा के बैनर तले जन आंदोलन

सिवनी जिले के लखनादौन विकासखंड के धूमा मुख्यालय में गोंगपा ने सौंपा ज्ञापन 

गोंगपा जिला अध्यक्ष गंगाराम मरावी सहित क्षेत्रिय पदाधिकारी रहे मौजूद  

धूमा/सिवनी। गोंडवाना समय।  

दिनांक 09 फरवरी 2026 को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला सिवनी एवं कोयतूर गोंडवाना महासभा के संयुक्त बैनर तले धूमा में व्यापक जन आंदोलन आयोजित किया गया।
        


गोंगपा द्वारा आयोजित आंदोलन में धूमा थाना क्षेत्र की अंतर्गत अवैधानिक गतिविधियों के बढ़ने एवं ज्वलंत समस्याओं जिसमें सट्टा, गांजा, कच्ची-पक्की शराब, वन विभाग की तानाशाही, पुलिस व स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इसके साथ ही बड़ादेव माइक्रो परियोजना के नाम पर आदिवासियों के संभावित विस्थापन को रोकने हेतु राज्यपाल एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

वन विभाग द्वारा सपाचट दवाई डालकर किसानों की फसल नष्ट करना न्यायोचित नहीं 


आंदोलन को संबोधित करते हुए तिरु. गंगाराम मरावी, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिलाध्यक्ष सिवनी ने धूमा क्षेत्र में सट्टा, गांजा और कच्ची, पक्की शराब के गांव-गांव बिछे जाल को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा किसानों की खड़ी फसलों में सपरचट्ट दवा का छिड़काव किया गया, किसानों की मशीनें, पाइप, खाद-यूरिया की बोरियां जब्त की गईं, घरों में तोड़फोड़ हुई तथा किसानों के साथ हाथापाई कर मोबाइल और नगद राशि ले जाना किसी भी तरह से उचित नहीं है।

शिक्षा, स्वास्थ्य, व एससी, एसटी वर्ग की सुनवाई न होने पर उठाये सवाल 


कार्यक्रम में रवि मरावी, गोंगपा जिला सचिव सिवनी ने सरकारी अस्पताल में उचित इलाज न मिलने और गर्भवती महिलाओं से कथित तौर पर पैसे वसूले जाने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने थाना धूमा पुलिस पर एससी, एसटी, वर्ग की शिकायतें दर्ज न करने तथा क्षेत्र के दबंगों को संरक्षण देने के आरोप लगाए। इस दौरान एसडीओपी अपूर्व भलावी को अवगत कराया। उन्होंने तीखा सवाल उठाया कि शराब दुकानों का लाइसेंस दुकान पर बिक्री का है या गांव-गांव शराब सप्लाई करने का? शिक्षा के मुद्दे पर भी वक्ताओं ने चिंता जताई। शिक्षा विभाग से मांग की गई कि स्कूल समय में बच्चों को किसी भी धार्मिक संगठन, कथा, प्रवचन या राजनीतिक रैलियों में न ले जाया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और वे भटकाव से बचें।

आदिवासी समाज से एकजुट होने का आहवान किया 


तिरु. ठाकुर मरावी कोयतूर गोंडवाना महासभा ब्लॉक अध्यक्ष ने समाज में हो रहे अत्याचारों और कच्ची-पक्की शराब को पूरी तरह खत्म करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बिखरे आदिवासी समाज को एकजुट होकर जल, जंगल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखने का आह्वान किया। तिरु. सुक्कू वरकड़े, गोंगपा विधानसभा प्रभारी लखनादौन ने धूमा थाना क्षेत्र में गांजा कारोबार पर तत्काल रोक, प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

धूमा थाना में दबंगों को मिल रहा संरक्षण 


जय कुमार उइके कार्यकर्ता ने कहा कि धूमा पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं की जाती है। जिससे पीड़ित परिवारों को सुरक्षा नहीं मिलती और वे लगातार दबंगों के अत्याचार झेलने को मजबूर हैं। जनपद पंचायत घंसौर से आए गोंगपा पदाधिकारियों ने समाज को एकजुट करने, समाज के मामलों का समाधान समाज स्तर पर करने, उचित इलाज सुनिश्चित करने तथा वन विभाग की मनमानी बंद कराने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने हरसंभव सहयोग नहीं किया और माफिया के कारोबार पर रोक नहीं लगी, तो आंदोलन और उग्र होगा।

समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष और तेज किया जाएगा 

आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाए परस राम उईके संगठन मंत्री, मनिराम ककोडिया जिला उपाध्यक्ष सिवनी, दिलीप भवदिया, इन्दर सिंह, जगदीश इरपांचे, अमान मरावी, भुवन बरकड़े, हीरा गोंड, विसन चीचाम, रविन्द्र मरावी, अंकित करपे, रामसिंग ककोड़िया, रवि यहके, संतु इनवाती, बब्लू मरावी, डॉ. प्रकाश खुरशाम, दाई क्रांति मरावी, पार्वती बाई, प्रीति बाई ओर गोंगपा के सैकड़ों कार्यकर्त्ता मौजूद रहे। आंदोलन के अंत में प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.