गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला अध्यक्ष व जनपद अध्यक्ष ने भूख हड़ताल आंदोलन को दिया समर्थन
छपारा/गोरखपुर। गोंडवाना समय।
गोरखपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका छात्रावास की वार्डन प्रभारी को हटाने को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल आंदोलन में बीते दिवस गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष गंगाराम मरावी, जिला महासचिव सत्येंद्र मरकाम एवं जनपद अध्यक्ष छपारा सदम सिंह बरकड़े ने आंदोलनरत लोगों से मुलाकात कर उनका समर्थन किया।
पार्टी पदाधिकारियों ने छात्रावास की वार्डन के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है और शासन-प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं ने जिला प्रशासन एवं जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिलेभर के कार्यकतार्ओं के साथ छपारा में व्यापक भूख हड़ताल आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
