Type Here to Get Search Results !

निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए-गोंगपा

निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए-गोंगपा 

जनपद पंचायत भवन घंसौर निर्माण कार्य में ठेकेदार कर रहा घटिया कार्य 


सिवनी। गोंडवाना समय। 

नवनिर्मित जनपद पंचायत घंसौर के भवन निर्माण कार्य स्थल का जायजा लेते समय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश भलावी एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शिवांगी उइके सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। निर्माण कार्य स्थल पर निर्माण एजेंसी द्वारा अत्याधिक लापरवाही बरतते हुये कार्य कराया जा रहा था। वहीं निर्माण कार्य भी घटिया स्तर का कराया जा रहा है।
            


निर्माण सामग्री गुणवत्ताहीन उपयोग किया जा रहा था। वहीं सुरक्षा मानकों के घोर उल्लंघन, पानी की अनुपलब्धता एवं तकनीकी अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच के संबंध में आयुक्त राजस्व विभाग मध्यप्रदेश शासन को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश भलावी ने पत्र के माध्यम से ध्यानाकर्षण कराते हुये उल्लेख किया है कि नवनिर्मित जनपद पंचायत घंसौर के भवन निर्माण कार्य में निर्माण एजेंसी द्वारा की जा रही गंभीर तकनीकी लापरवाहियों, श्रम कानूनों के उल्लंघन और मानवीय अधिकारों के हनन की ओर आकर्षित करना चाहता हूँ।

मध्यप्रदेश के शासकीय परियोजना में निर्माण एजेंसी द्वारा नियमों को ताक पर रखकर कार्य कराया जा रहा है, जिसके तार्किक एवं प्रत्यक्ष बिंदु भी उन्होंने पे्रेषित किया है। 

पानी की अनुपलब्धता एवं तराई का पूर्ण अभाव 


निर्माण स्थल पर पानी की कोई बुनियादी व्यवस्था (जैसे बोरवेल या पानी के टैंकर) नहीं की गई है। इस गंभीर लापरवाही के कारण कंक्रीट और जुड़ाई के कार्यों के बाद की जाने वाली अनिवार्य 'पानी की तराई' बिल्कुल नहीं हो रही है।

तकनीकी रूप से तराई न होने के कारण सीमेंट अपनी पूरी मजबूती हासिल नहीं कर पाता है। इसके परिणामस्वरूप नवनिर्मित भवन की आंतरिक संरचना अभी से कमजोर और खोखली हो रही है, जिससे भविष्य में भवन के ढहने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़


निर्माण स्थल पर कार्यरत श्रमिकों को हेलमेट, सेफ्टी शूज, बेल्ट या नेट जैसी कोई भी बुनियादी सुरक्षा सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके साथ ही भीषण गर्मी या सामान्य कार्यदौरान मजदूरों के लिए पीने के साफ पानी तक की व्यवस्था कार्यस्थल पर मौजूद नहीं है। बिना सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के ऊंचे ढांचों पर काम कराना श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है। यह किसी भी क्षण बड़ी जनहानि या जानलेवा दुर्घटना का कारण बन सकता है।

अमानक सामग्री का प्रयोग 


निर्माण में प्रयुक्त हो रही रेत, सीमेंट और गिट्टी की गुणवत्ता बेहद घटिया है। शासकीय मापदंडों को दरकिनार कर केवल वित्तीय लाभ कमाने के उद्देश्य से इस सार्वजनिक संपत्ति के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। 

मुख्य तार्किक निष्कर्ष 

कार्यस्थल पर पानी के स्रोत (टैंकर/बोरवेल) का न होना, बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराना और कंक्रीट की तराई न करना यह साबित करता है कि निर्माण एजेंसी केवल कागजी खानापूर्ति कर जल्द से जल्द बजट ठिकाने लगाना चाहती है। तराई के बिना करोड़ों की लागत से बनने वाला यह शासकीय भवन कुछ ही वर्षों में जर्जर हो जाएगा, जो सीधे तौर पर जनता के टैक्स के पैसे की बबार्दी है।

सात दिवस के अंदर सुधार नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जायेगा

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी घंसौर ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश भलावी ने उक्त निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाकर इसकी तकनीकी एवं ढांचागत गुणवत्ता की जांच कराई जाए। संबंधित श्रम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों एवं श्रमिक सुविधाओं की भौतिक जांच कराई जाए। प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन करने वाली उक्त निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाए। ठेकेदार पर प्रशासनिक कार्यवाही किया जाये। साथ ही साथ संबंधित लापरवाह यंत्री एवं लापरवाह उप-यंत्री पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। अगर सात दिवस के अंदर सुधार नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जायेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.