Type Here to Get Search Results !

कामथेन कंपनी का ठेका निरस्त कर ब्लेक लिस्टेड किया जावे-सुजीत गोदरे

कामथेन कंपनी का ठेका निरस्त कर ब्लेक लिस्टेड किया जावे-सुजीत गोदरे 

कामथेन कंपनी सफाईकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों का कर रही आर्थिक, मानसिक व शारीरिक शोषण 

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के वरिष्ठ संयुक्त संचालक के आदेश का नहीं हो रहा पालन 

सिवनी जिला चिकित्सालय में कामथेन कपंनी की मनमानी को उच्चाधिकारियों का मिल रहा संरक्षण 

सिवनी। गोंडवाना समय। 

कामथेन कंपनी आउटसोर्स कर्मियों का शोषण कर रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के वरिष्ठ संयुक्त संचालक के आदेशों को भी ठेंगा दिखाकर धज्जियां उड़ाकर आर्थिक, मानसिक व शारीरिक शोषण विभागीय उच्चाधिकारियों के संरक्षण में किया जा रहा है।
            


उक्त बाते जारी विज्ञप्ति में अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुजीत गोदरे ने बताया कि जिला चिकित्सालय सिवनी में सफाईकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों का शोषण कामथेन कंपनी के द्वारा सीएमएचओं एवं सिविल सर्जन के संरक्षण में किया जा रहा है।
            शासन के निर्देशों के अनुरूप कामथेन कंपनी के द्वारा सुरक्षाकर्मियों व सफाईकर्मियों को महंगाई भत्ता, एरियर की राशि का भुगतान नहीं किये जाने एवं उनका आर्थिक, मानसिक, शारीरिक शोषण करने पर कामथेन कंपनी का ठेका निरस्त कर, ब्लेक लिस्ट करने की मांग किया है। 

शासन के निर्देशों को ठेंगा दिखाकर पालन भी नहीं कर रही है 


कामथेन कंपनी को जिला चिकित्सालय सिवनी में सुरक्षा व सफाई का ठेका मिला हुआ है। इसके लिये शासन की गाईडलाइन व शर्ते भी निर्धारित है लेकिन विभागीय अधिकारियों की सांठगांठ से शर्तों का पालन कामथेन कंपनी के द्वारा नहीं किया जाता है। वहीं इसके साथ ही कामथेन कंपनी सफाईकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों के हक अधिकारों पर भी डाका डाल रही है। वास्तविक हक अधिकार मेहनत का पारिश्रमिक देने में ही हीलाहवाला किया जाता है। इसके साथ ही कामथेन कंपनी और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों में संरक्षण में शासन के निर्देशों को ठेंगा दिखाकर पालन भी नहीं कर रही है। 

न तो महंगाई भत्ते और न ही एरियर की राशि का भुगतान किया गया 

सुजीत गोदरे ने आगे विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश के वरिष्ठ संयुक्त संचालक डॉ राकेश बोहरे ने 23 मई 2026 को मध्यप्रदेश के समस्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं समस्त सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक को पत्र लिखकर दिशा निर्देश जारी किया था।
            जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि श्रम विभाग द्वारा विभागों एवं अन्य संस्थाओं में कार्यरत एजेंसी के माध्यम से अकुशल, अर्द्धकुशल, कुशल एवं उच्च कुशल (आउटसोर्स) कर्मियों का दिनांक 1 अप्रैल 2024 से पुनरीक्षित न्यून्तम वेतन एवं परिवर्तनशील महंगाई भत्ते सहित देय, एरियर राशि के रूप में भुगतान किये जाने के निर्देश जारी किये गये है। इसके पश्चात भी सिवनी जिला चिकित्सालय में कामथेन कंपनी के द्वारा सफाई कर्मियों व सुरक्षा कर्मियों को न तो महंगाई भत्ते और न ही एरियर की राशि का भुगतान किया गया है।  

संवैधानिक रूप से विरोध प्रदर्शन व आंदोलन किया जावेगा 

उक्त मामले को लेकर अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुजीत गोदरे ने मांग किया है कि सफाईकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों के मेहनत का वास्तविक पारिश्रमिक व हक अधिकार दिलाने के लिये यदि सरकार, शासन, प्रशासन व मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिवनी एवं सिविल सर्जन सिवनी द्वारा सफाईकर्मियों व सुरक्षा कर्मियों के हित में गंभीरता व संवेदनशीलता के साथ निर्णय नहीं लिया गया और लापरवाही बरत कर कामथेन कंपनी को संरक्षण दिया जाता रहा तो आने वाले समय सफाईकर्मियों व सुरक्षाकर्मियों के हित व हक अधिकार के लिये अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा के माध्यम से संवैधानिक रूप से विरोध प्रदर्शन व आंदोलन किया जावेगा। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.