मेडिकल कॉलेज व जल संरक्षण के लिये तालाब निर्माण हेतु बजट में मिली स्वीकृति
विधायक दिनेश राय ने मेडिकल कॉलेज को बजट में शामिल करने पर मुख्यमंत्री व वित्तमंत्री का माना आभार
सिवनी। गोंडवाना समय।
विधानसभा में बजट सत्र के दौरान सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने भाजपा सरकार द्वारा सिवनी मेडीकल कॉलेज के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर बजट में शामिल करने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एवं वित्तमंत्री को सिवनीवासियों की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।
सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि 15 माह के काग्रेंस शासन काल में श्री कमलनाथ सरकार ने सिवनी मेडीकल कॉलेज को निरस्त कर दिया था इसके पश्चात भाजपा की श्री शिवराज सिंह चौहान सरकार ने पुन: सिवनी मेडीकल कॉलेज के प्रस्ताव को स्वीकृत कर बजट में शामिल कर लिया है।
जिसके लिए सिवनी विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने क्षेत्रीय जनता की ओर से मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इन ग्रामों में जलसरंक्षण के लिये तालाब की मिली स्वीकृति
सिवनी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में जलसंरक्षण के लिये श्री दिनेश राय मुनमुन के प्रयासों से सिवनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बंडोल, बांकी, सागर, मारबोड़ी, जाम, कन्हरगावं, कोहका (पीपरडाही) मार्ग का निर्माण/चौड़ीकरण के लिए 850 लाख तथा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत भीमकुंडी तालाब व रामगढ़ तालाब के लिए क्रमश: 685.49 लाख, 669.48 लाख की स्वीकृति प्रदान कर बजट में सम्मिलित किया गया है।
बीज वितरण व शौचालय का भी उठाया मुद्दा
विधानसभा के जारी सत्र में प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन द्वारा बीज वितरण के आवंटित लक्ष्य के संबंध में किये गये प्रश्न पर किसान कल्याण मंत्री श्री कमल पटेल ने जानकारी एकत्रित किये जाने की बात कही।
वही श्री दिनेश राय के सिवनी जिले मेंं शौचालय निर्माण से संबंधित प्रश्न का उत्तर देते हुए पंचायत मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि सिवनी विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत 126 ग्राम पंचायतों द्वारा पूर्णत: प्रमाण पत्र जारी किये गये है जिन पंचायतों में पूर्णत: प्रमाण पत्र दिये गये वहॉ पर शौचाालय का निर्माण एजेंसी ग्राम पंचायत द्वारा किया गया है। प्रमाण पत्र जारी होने के उपरांत कुछ ऐसे हितग्राही शेष है जिनका शौचालय का निर्माण कार्य नहीं किया गया है।