Type Here to Get Search Results !

कांग्रेस आदिवासी विधानसभा सीटों पर समाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले गैर राजनैतिक उम्मीदवारों को देगी मौका

कांग्रेस आदिवासी विधानसभा सीटों पर समाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले गैर राजनैतिक उम्मीदवारों को देगी मौका 

2018 विधानसभा चुनाव व नगरीय निकाय में किये गये प्रयोग को कांग्रेस 2023 में दोहराने की कर रही तैयारी


सिवनी/भोपाल। गोंडवाना समय। 

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमल नाथ और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में आदिवासी के लिए आरक्षित सीटों पर 2018 और नगरीय निकाय चुनाव की तरह ही गैर राजनीतिक लोगों को टिकट देने पर विचार कर रही है।


अर्थात सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करने वाले समाज सेवा के क्षेत्र से जुड़े हुये लोगों को मौका देने का मन बनाकर सुयोग्य उम्मीदवार की तलाश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रयास कर रहे है यही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की भी मंशा है। 

कांग्रेस को समाज सेवा व सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले गैर राजनीतिक उम्मीदवारों की तलाश


मध्यप्रदेश में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में आदिवासी मतदाताओं के सहारे सत्ता तक पहुंची कांग्रेस एक बार फिर आदिवासी वर्ग को साधने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। हालांकि वर्ष 2003 के पहले जो मत का प्रतिशत चुनावी परिणाम में कांग्रेस के पक्ष  में आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों से होता था उसमें गिरावट जरूर आई है। इसको पुन: वापस लेने के लिये भी कांग्रेस कवायद कर रही है।
                वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 47 आदिवासी वर्ग की सुरक्षित सीटों में से कांग्रेस ने 30 सीटों पर विजय हासिल की थी। विगत विधानसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनाव में किए गये उसी प्रयोग को एक बार फिर से कांग्रेस इस विधानसभा चुनाव में दोहराने जा रही है। इस बार भी कांग्रेस को इन सीटों पर गैर राजनीतिक उम्मीदवारों की तलाश है जो कि कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता नहीं है वरन समाज सेवा व सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करते है। 

वर्ष 2018 के विधानसभा और निकाय चुनाव में सफल हुआ था यह प्रयोग 

इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जो रणनीति बनाई है, उसके अनुसार वो आदिवासी सीटों पर गैर राजनीतिक चेहरों पर भरोसा जताएगी। हालांकि कांग्रेस की रणनीति के अनुसार समाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रहने वाले लोगों को टिकट दिया जा सकता है।
                इसके लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता समाज में सक्रिय और शासकीय सेवा में कार्यरत व सेवानिवृत्त अधिकारियों की जानकारी जुटा रहे हैं। हम आपको बता दें कि बीते वर्ष मध्य प्रदेश में हुए नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने एक नया प्रयोग किया था।
                इस प्रयोग के तहत कांग्रेस ने गैर राजनीतिक लोगों को नगरीय निकाय का टिकट दिया था। कांग्रेस के इस प्रयोग के सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले थे। पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पांच महापौर बने जो गैर राजनीतिक रहे है। 

कमलनाथ का विश्वास आदिवासी सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले चुनाव से भी बेहतर होगा 

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 में आदिवासी सीटों पर कांग्रेस को जीत दिलाने वाले उम्मीदवारों की तलाश के लिए कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आदिवासी सीटों पर सामाजिक रूप से सक्रिय और शासकीय सेवा में कार्यरत, सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों की जानकारी जुटा रहे हैं।
                वर्ष 2018 की भांति इस चुनाव में भी इस तरह का प्रयोग करके कांग्रेस जीत दर्ज करेगी इसलिये इस तरह की योजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2023 में जीत के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ सभी पहलुओं पर काम कर रहे हैं बताया जाता है कि उनहें विश्वास है कि आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में आदिवासी सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले चुनाव से भी बेहतर होगा। 



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.