Type Here to Get Search Results !

12 दल मिलकर मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में ठोकेंगे ताल, भाजपा-कांग्रेस के क्या होंगे हाल ?

12 दल मिलकर मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव में ठोकेंगे ताल, भाजपा-कांग्रेस के क्या होंगे हाल ?

गुलजार सिंह मरकाम ने कहा अपनी सरकार बनाओं, संविधान बचाओं के तहत तीसरे विकल्प की नींव रखी 


भोपाल। गोंडवाना समय। 

चुनावी साल में एक बार फिर प्रदेश में तीसरे मोर्चा की दस्तक दिखाई देगी। राज्य के लगभग बारह छोटे दल मिलकर तीसरा मोर्चा गठित कर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर चुके हैं। इन दलों ने 24 सितंबर को राजधानी भोपाल में पूर्व सांसद प्रकाश आंबेडकर और कंकर मुंजारे के नेतृत्व में एक बड़ी रैली निकालने की तैयारी की हैं।  मध्यप्रदेश में आगामी माहों में विधानसभा चुनाव होना है मध्यप्रदेश में छोटे दलों के एक साथ आने से भाजपा व कांग्रेस की परेशानी बढ़ेगी, चुनाव में परिणाम के क्या हाल होंगे, इसको लेकर राजनीतिक चर्चा चल रही है। 

अपनी सरकार बनाओ, संविधान बचाओ मोर्चा के नाम से एकजुट हो रहे दल 

मध्यप्रदेश में चुनावी साल में एक बार फिर छोटे दल अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रहे हैं। आदिवासियों, दलितों और अल्पसंख्यकों का नेतृत्व करने वाले ये दल एकजुट होकर मैदान में उतरने की तैयारी कर चुके हैं। अपनी सरकार बनाओ, संविधान बचाओ मोर्चा के नाम से एकजुट हो रहे दल अब अपनी ताकत दिखाने के लिए राजधानी भोपाल में एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम 24 सितंबर को राजधानी के आंबेडकर मैदान में होगा। इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रकाश आंबेडकर, पूर्व सांसद सरेनिया और पूर्व सांसद कंकर मुंजारे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। 

मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में हम ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे

मोर्चा के सह संयोजक गुलजार सिंह मरकाम ने बताया कि एनडीए (भाजपा) और इंडिया (कांग्रेस) की अंदरूनी सांठगांठ के छलावा को समझते हुए मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 23 के परिप्रेक्ष्य में भाजपा और कांग्रेस के विकल्प में अपनी सरकार बनाओ संविधान बचाओ मोर्चा के तहत तीसरे विकल्प की नींव हमने रखी है। तीसरे मोर्चा में बारह दल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सहित देश में संचालित मूलनिवासी नेतृत्व वाले पंजीकृत राजनीतिक दलों को एकजुटता का परिचय देते हुए इस बार मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में हम ताकत के साथ मैदान में उतरेंगे। प्रदेश में तीसरे मोर्चा की संभावनाएं खत्म न हों, इसके लिए हमने यह तीसरा मोर्चा बनाया है। 

तीसरे मोर्च में ये दल हैं शामिल

तीसरे मोर्चा के घटक दलों में इंकलाब विकास दल, समता समाधान पार्टी, राष्ट्रीय उदय पार्टी, भारतीय वीर दल, राष्ट्रीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, पिछड़ा समाज पार्टी यूनाईटेड, अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, एआईएमआईएम के अलावा राष्ट्रीय समानता दल, समता मूलक समाज पार्टी, क्रांति जनशक्ति पार्टी, आरक्षित समाज पार्टी शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.