Type Here to Get Search Results !

छत्तीसगढ़ में 37 सीट पर गोंगपा और 53 सीट पर बसपा गठबंधन कर साथ मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

छत्तीसगढ़ में 37 सीट पर गोंगपा और 53 सीट पर बसपा गठबंधन कर साथ मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी व बहुजन समाज पार्टी छत्तीसगढ़ में मजबूती के साथ चुनावी मैदान में आयेगी नजर 

मध्यप्रदेश में भी गठबंधन के लिये चल रहा मंथन जल्द हो सकता है निर्णय

रायपुर। गोंडवाना समय। 

छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने एक साथ विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। बहुजन व मूलनिवासियों के लिये जमीनी स्तर पर संघर्ष कर हक अधिकार दिलाने वाली विचारधारा को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और बहुजन समाज पार्टी कार्य कर रही है।
            


वहीं पूर्व में विभाजित होकर अलग अलग रहकर चुनाव लड़ने के कारण सत्ता की कुर्सी से दूर रह जाते थे लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में बहुजन समाज पार्टी व गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एक साथ मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लेकर कांग्रेस के साथ साथ भाजपा को भी चौंका दिया है। 

अब नहीं होगा वोटो का विभाजन 


कांग्रेस और भाजपा के सामने गोंगपा व बसपा की एकजुटता व ताकत से परेशानी बनना तय हो गया है क्योंकि अलग अलग गोंगपा व बसपा के लड़ने से वोटो का विभाजन हो जाता था लेकिन अब एक साथ लड़ने से वोटों का विभाजन होने की संभावना समाप्त हो गई है। जिससे विधानसभा चुनाव में गोंगपा व बसपा के विधायक के जीतने के संभावना बनती दिखाई दे रही है। 

हम मिलकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे-श्याम सिंह मरकाम 


गोंडवाना गणतंत्र पार्टी व बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन के एलान के दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम, गोंगपा छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष, बसपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रांतीय व राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव श्याम सिंह मरकाम ने कहा कि दोनो ही दल एक ही विचारधारा को लेकर कार्य रहे है। बहुजन समाज व मूलनिवासी समाज के लिये गोंगपा व बसपा कार्य रही है। इस बार के विधानसभा में चुनाव में छत्तीसगढ़ राज्य में अच्छा निर्णय लिया गया है, हम मिलकर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। 

मध्यप्रदेश में भी बसपा-गोंगपा के गठबंधन की हो रही तैयारी-तुलेश्वर सिंह मरकाम 


गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम सिवनी जिले में लखनादौन जिला बनाओं संघर्ष समिति व संगठन संबंधित कार्यक्रम के दौरान 25 सितंबर व 26 सितंबर को कार्यक्रम में शामिल हुये। इस दौरान गोंडवाना समय समाचार पत्र से हुई मुलाकात के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मरकाम ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बहुजन समाज पार्टी के साथ हमारा गठबंधन हो गया है और सीटों का फैसला भी हो चुका है। वहीं मध्यप्रदेश में भी बहुजन समाज पार्टी के साथ चर्चा चल रही है। प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते व अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जल्द ही मध्यप्रदेश में भी गठबंधन का निर्णय हो सकता है। 

हम दोनों मिलकर छत्तीसगढ़ में बेहतर प्रदर्शन करने मैदान में उतरेंगे-संजय कमरो 


छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव के पूर्व बहुजन समाज पार्टी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के बीच गठबंधन हुआ है। दोनो मिलकर अब विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, इस सबंध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के मध्यप्रदेश अध्यक्ष संजय कमरो ने बताया कि राज्य के लोग भाजपा कांग्रेस से ऊब चुके है, अब यहां छत्तीसगढ़िया पहली पसंद है। हमने बसपा के साथ सीटों में समझौता कर लिया है। 53 सीटों पर बसपा लड़ेगी जबकि हम 37 सीटों पर लड़ेंगे, हमारे बीच काफी समय से बात चल रही थी सीट शेयर की बात फाइनल हो गयी है। हम दोनों मिलकर छत्तीसगढ़ में बेहतर प्रदर्शन करने मैदान में उतरेंगे।

एक जैसी विचारधारा के दो दल आपस मे मिले-हेमंत पोयम 


वही बसपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत पोयम ने बताया कि इस बार चुनाव बड़ा रोचक होने वाला है एक जैसी विचारधारा के दो दल आपस मे मिले और अब दोनो मिलकर इस विधानसभा चुनाव में उतरेंगे और इस बार इतिहास बनेगा। छत्तीसगढ़ की जनता की मांग पर भाजपा और कांग्रेस को हम उखाड़ फेंकने के लिए एकदम तैयार है। हम 53 पर जबकि गोंगपा 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दोनो मिलकर उतरेंगे मैदान में और बाजी हम जीतेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.