परासिया क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की उठाई मांग
गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी ने जनहित समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
परासिया। गोंडवाना समय।
गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी जिला छिंदवाड़ा द्वारा परासिया क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन एवं डब्ल्यूसीएल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र के आदिवासी, किसान एवं श्रमिक वर्ग से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
गोंगपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कोयला खदान क्षेत्र में कार्यरत ठेका कर्मियों को कोल अधिनियम 1948 के तहत मिलने वाली सुविधाएं एवं वेतनमान का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही कई वर्षों से कार्य कर रहे श्रमिकों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
विस्थापित परिवार सुविधाओं व न्याय के लिये कर रहे संघर्ष
ज्ञापन में हउछ ओपन कास्ट खदान से प्रभावित किसानों एवं आदिवासी परिवारों के पुनर्वास, रोजगार एवं मुआवजा राशि में पारदर्शिता लाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। पार्टी का कहना है कि विस्थापित परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इसके अलावा परासिया-नेहरिया मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। क्षेत्र में पेयजल संकट, गांवों में घटते जलस्तर तथा उरफ मद से विकास कार्यों की अनदेखी पर भी सवाल उठाए गए।
नशा समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि परासिया क्षेत्र में अवैध गतिविधियों एवं बिना अनुमति के निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए। पार्टी नेताओं ने शराब और नशे के बढ़ते प्रभाव को समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया।
पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परासिया में जिला स्तरीय बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान गोंगपा छिंदवाड़ा जिलाध्यक्ष धन्नु धुर्वे, ब्लॉक प्रभारी राहुल सिंह सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

