पेपर लीक बंद करो, छात्रों को न्याय दो, जैसे नारों से गूंजा छिंदवाड़ा शहर
नीट 2026 पेपर लीक के विरोध में शहर कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला
नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर छिंदवाड़ा जिले में भी छात्रों और युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हुए कथित खिलवाड़ के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया गया।
बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कार्यकर्ता शामिल हुए
प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र, युवा और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशाल लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई तथा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की बात कही।
अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। मशाल जुलूस के दौरान शहर में छात्रों को न्याय दो, पेपर लीक बंद करो जैसे नारों की गूंज सुनाई दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों और युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
