Type Here to Get Search Results !

आदिवासी की भूमि का सामान्य वर्ग मद में परिवर्तन पर रोक लगाने की मांग

आदिवासी की भूमि का सामान्य वर्ग मद में परिवर्तन पर रोक लगाने की मांग 

भूमाफियों के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन


छिंदवाड़ा। गोंडवाना समय। 

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा ने दिनांक 25 अगस्त दिन मंगलवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर बताया कि वार्ड नंबर 48 पंचवटी वार्ड, पोआमा, छिंदवाड़ा में निवासरत आदिवासी कृषक रेशलाल परतेती की खानदानी शामिल शरीक भूमि मौजा पोआमा स्थित कृषि भूमि  खसरा नंबर 78/3, 78/4 रकबा 0.599 हे. एवं 0.599 हे.कुल रकबा 1.198 हे. भूमि राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। 

राशि भुगतान होना रजिस्ट्री में दर्ज करवा लिया 


उक्त भूमि को क्रय करने का सौदा कुल ज्ञानवती उइके एवं अन्य ने दिनांक 20 नवंबर 2023 को 88 लाख रुपए में कर अपने पक्ष में रजिस्ट्री करा ली एवं पीड़ित कृषक को मात्र 25 लाख रुपए ही भुगतान किये एवं शेष राशि के चैकों का विवरण रजिस्ट्री में अंकित करवा दिया गया जो कि खाते में चैक लगाये तो जानकारी मिली कि फर्जी चैक दे दिये एवं जो चैक रजिस्ट्री में दर्ज हैं, वे किसानों  को ही दिये ही नहीं गये एवं रजिस्ट्री में संपूर्ण राशि भुगतान होना रजिस्ट्री में दर्ज करवा लिया।

अब प्लाटिंग कर उनका विक्रय  किया जा रहा है 

जब पीड़ित कृषकों द्वारा अपनी बकाया राशि मांग की गयी तो कहा गया कि पहले ही हमने संपूर्ण राशि दे दी है यह कहकर कृषकों को डरा धमका एवं जान से खत्म करने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद ज्ञानवती उइके एवं अन्य ने उक्त क्रय की गई भूमि को सामान्य मद में परिवर्तित कर मुस्लिम समाज की महिला साहेदा बी पति ईशाक कुरैशी निवासी-दीवानचीपुरा छिंदवाड़ा 2 करोड़ 27 लाख रुपए में 18 अप्रैल 24 को भू माफिया इरफान कुरैशी, महेन्द्र बंटी वर्मा से सांठ-गांठ कर रजिस्ट्री करवाकर कब्जा दे दिया। जिसमें अब प्लाटिंग कर उनका विक्रय  किया जा रहा है। 

रजिस्ट्री को तत्काल निरस्त किया जावे

युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि जिले में खुलेआम शासन प्रशासन के बैठे अधिकारी कर्मचारियों की सांठ गांठ से खुलेआम हम गरीब आदिवासियों की भूमि को कौड़ियों के दाम क्रय कर सामान्य मद में परिवर्तन करवाने का अवैधानिक कृत्य निरंतर लंबे समय से जारी है। जिसका गोंडवाना गणतंत्र पार्टी संगठन घोर विरोध करता है एवं इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हैं।
                    इसके साथ ही ज्ञापन में मांग की गई है कि गरीब आदिवासियों की भूमि की जो रजिस्ट्री आदिवासी से सामान्य मद में परिवर्तित कर करोड़ों रूपयों का लेनदेन कर की गई है, उक्त रजिस्ट्री को तत्काल निरस्त किया जावे। कार्यवाही नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
                    इस अवसर पर गोंगपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मिथुन कुमार धुर्वे, गोंगपा जिलाध्यक्ष धन्नू धुर्व, जीएसयू राष्ट्रीय विधिक सलाहकार गगन भलावी, कुॅवर राजा उइके, हरिाम इनवाती, अर्जुन ककोड़िया, संदीप धुर्वे, नितेश कुड़ोपा, करन उइके, दीपक मरकाम, संगीत परतेती, गौतम इनवाती, अंकेश सरेयाम व अन्य पदाधिकारी व सदस्यगण मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.